तीन साल पहले बीएचयू में चाय विक्रेता रामजतन उर्फ रामू की सिर कूचकर हत्या कर दी गई थी। लंका पुलिस अब तक यह पता नहीं लगा सकी कि आखिर किन वजहों से रामू की हत्या की गई। इस दौरान विवेचक भी कई बदले और मुकदमे की फाइल पर अब धूल भी चढ़ गई है। पुलिस का दावा है कि इस मामले में तह तक तफ्तीश हुई, अब भी तफ्तीश जारी है। वहीं, सात फरवरी 2021 को सामनेघाट स्थित ज्ञान प्रवाह के पास बोरे में 25 वर्षीय युवती का शव मिला।
पुलिस ने तफ्तीश में पाया कि हत्या कहीं और करके शव यहां ठिकाने लगाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई थी कि युवती की गला दबाकर हत्या की गई थी। आसपास मार्गों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। पुलिस अब तक पता नहीं कर सकी कि महिला कहां की थी और उसकी हत्या किसने की। कमिश्नरेट पुलिस के उच्चाधिकारी भी इस मामले में अब शंट हो गए हैं, जोन और सर्किल के अफसर भी इन केस के बारे में कोई अपडेट थाना स्तर से नहीं लेते। इस वजह से थाना प्रभारी और विवेचक भी दूसरे मुकदमों में उलझे रहते हैं और इन दो वारदातों के कातिल खुले घूम रहे हैं।