कोरोना संकट की मार झेल रहे वाराणसी के नाविकों को नाव संचालन की अनुमति मिल गई है। नाविकों को 14 जून से कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए सुबह 7:00 से शाम 7:00 बजे तक नौका संचालन के लिए प्रशासन की तरफ से अनुमति मिली है। शनिवार और रविवार को वीकेंड लॉकडाउन के कारण नौका संचालन बंद रहेगा।
गंगा में नौका संचालन पर लगी रोक के मद्देनजर बुधवार को नाविक समाज और समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल एडीएम सिटी से मिला था। जल्द से जल्द नौका संचालन पर लगी रोक हटाने की मांग की थी। इसके बाद बृहस्पतिवार को एसीएम सेकेंड महेंद्र श्रीवास्तव और एसीपी दशाश्वमेध अवधेश पांडेय ने जल पुलिस कार्यालय में नाविकों संग बैठक की।
इसमें यह निर्णय लिया गया कि नाविकों के वैक्सीनेशन के बाद सोमवार से नौका संचालन पर लगी रोक हटा ली जायेगी। सभी नाविकों का शुक्रवार से कैंप लगाकर वैक्सीनेशन किया जाएगा और तीन दिनों में इस कार्य को पूरा कर सोमवार से नौका संचालन की अनुमति कोविड गाइडलाइंस के अनुरूप दी जाएगी। गौरतलब है कि अप्रैल, मई और जून के महीने में ही नाविक समाज की कमाई होती है। इसके बाद फिर बाढ़ की शुरुआत होने लगती है और नौकायन बंद हो जाता है।