डुबकियां बाजार में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो शिक्षकों की मौत
चौबेपुर के डुबकियां बाजार स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने रविवार की रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो शिक्षकों की मौत हो गई। सूचना पाकर चौबेपुर थाने की पुलिस ने दोनों शिक्षकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
सारनाथ थाना क्षेत्र के परशुरामपुर स्थित एक निजी स्कूल में हरिओम सिंह (36) और रणधीर शर्मा (37) पढ़ाते थे। दोनों शिक्षक बाइक से डुबकियां स्थित एक लॉन में अपने स्कूल के एक स्टाफ के परिवार के शादी समारोह में शामिल होने आए थे। वापसी के दौरान दोनों शिक्षक की बाइक के पीछे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर से दोनों सड़क पर गिरे तो ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
हादसे में दोनों शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई। हरिओम सिंह चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के अमरा के मूल निवासी बताए गए हैं। उधर, इस संबंध में एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक लेकर आरोपी चालक भाग गया है। दोनों शिक्षकों के स्कूल के स्टाफ की मदद से उनके परिजनों के बारे में पता कर उनसे संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।