उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में दो सगे भाइयों की एक साथ मौत होने से घर में कोहराम मच गया है। दो भाई गुरुवार की सुबह में तालाब में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के जौराही गांव में गुरुवार सुबह करीब ग्यारह बजे दोनो भाई घर से पचास मीटर दूर स्थित तालाब में डूब गए थे। पता चलने पर परिजन दोनों मासूमों को तालाब से निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले गए। जहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ गिरधारी लाल ने बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के जौराही निवासी धूरूज लाल के पुत्र राजू(8) और राज लाल(5) घर से पचास मीटर दूर खेलते-खेलते तालाब के पास चले गए। वहां दोनों भाई फिसल कर तालाब में चले गए। जब दोनों बच्चे डूबने लगे तो वहीं पास में मौजूद गांव के ही एक लड़के ने देख लिया और दौड़कर जाकर परिजनों को बताया।
परिजन दौड़कर तालाब के पास गये तो दोनों बच्चे पानी के अंदर चले गए थे। ग्रामीणों की मदद से परिजन किसी तरह से दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले गए। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।