भदोही जिले के डीघ ब्लॉक के इनारगांव में एक महिला को छोड़ने के एवज में सुविधा शुल्क मांगने के आरोपी एंबुलेंस कर्मचारियों पर बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई। आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्ति करने वाली कंपनी जीवी ने यह कार्रवाई की। सीएमओ ने कार्रवाई की पुष्टि की।
डीघ ब्लॉक के इनारगांव की एक महिला मरीज को 16 फरवरी को 108 एंबुलेंस से उसके घर छोड़ा गया। महिला को घर छोड़ने के बाद उसके परिवार से सुविधा शुल्क की मांग की गई। घरवालों ने कहा कि ये तो सरकार की नि:शुल्क योजना है। जिस पर एंबुलेंस में बैठी महिला आशा कर्मी ने कहा कि कुछ तो देना पड़ेगा।
इस दौरान परिवार के एक सदस्य ने पूरे मामले को अपने मोबाइल में रिकार्ड कर लिया। वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने बताया कि 108 एंबुलेंस यूपी 41, जी 0977 के चालक कृष्णा और ओमप्रकाश के खिलाफ कार्रवाई के लिए संस्था जीवी को लिखा गया। संस्था की ओर से दोनों को बर्खास्त किया गया है। आशा कर्मी के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।