बरईपुर के पास हुई दुर्घटना, ट्रक छोड़कर चालक फरार
वाराणसी-मिर्जापुर मुख्य मार्ग पर सिकरा बरईपुर के पास शुक्रवार की दोपहर साढ़े 12 बजे गणित की परीक्षा देने जा रहे स्कूटी सवार छात्र की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। इसकी जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
अदलहाट थाना क्षेत्र के परोरा गांव निवासी अनुभव गुप्ता (19) पुत्र सुरेश कुमार गुप्ता मां सरस्वती इंटर कॉलेज चांदपुर वाराणसी में इंटर का छात्र था। उसका परीक्षा केंद्र विद्या मंदिर एचएसएस विद्यालय बखरियास वाराणसी में पड़ा था। उसे शुक्रवार को दूसरी पाली में दो बजे से उसकी गणित की परीक्षा देनी थी।
परीक्षा केंद्र जाने के लिए अनुभव स्कूटी से घर से परीक्षा केंद्र के लिए निकला था। करीब साढ़े 12 बजे वह अदलहाट थाना क्षेत्र के सिकरा बरईपुर के पास पहुंचा कि पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया।
ट्रक की टक्कर से वह स्कूटी के साथ गिर गया और ट्रक का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। गंभीर रूप से घायल अनुभव की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। पिता किसान हैं। बड़े बेटे की मौत होने पर परिजनों में गहरा शोक है।