वाराणसी के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के अहिल्याबाई घाट पर सोमवार सुबह तीन शव गंगा में उतराए दिखे। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे दशाश्वमेध थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने शवों को बाहर निकलवाया। मृतकों की शिनाख्त प्रियांशु कुमार सिंह (14) पुत्र संजय सिंह, अमन राज सिंह पुत्र विपिन बिहारी (15) निवासी ग्राम-पोस्ट बाराही जिला पलामू (झारखंड ) और योगेश कुमार सोनी (26) पुत्र छकौड़ी लाल सोनी निवासी नई बस्ती कटरा थाना गुरसराय जिला झांसी के रूप में हुई है।
योगेश कुमार सोनी रविवार को भेलूपुर थाना क्षेत्र के जानकीघाट पर स्नान करते वक्त डूब गया था। वहीं झारखंड के रहने पलामू जिले के निवासी प्रियांशु और अमन चचेरे भाई थे। किसी परीक्षा में शामिल होने के लिए वाराणसी आए थे और लंका में अपने किसी रिश्तेदार के यहां रूके थे। रविवार शाम दोनों घूमने के लिए घाट की ओर निकले तो उसके बाद घर नहीं लौटे। परिजनों ने पुलिस को सूचित किया, इसके बाद सोमवार सुबह दोनों का शव गंगा में उतराया मिला।