ताल शिरोमणि पं. कुमार लाल मिश्र की तीसरी पुण्यतिथि बुधवार को मनाई गई। तालांजलि संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने पं. मिश्र को सुर-संगीत की भावांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत पं. मिश्र की पत्नी गायत्री देवी ने दीप जलाकर की। इसके बाद उनके पुत्र पं. मंगला प्रसाद मिश्र, गौरव मिश्र व शिष्यों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
ताल शिरोमणि की स्मृति में आयोजित संगीत संध्या की शुरुआत गणेश वंदना प्रथम सुमिर श्री गणेश... से हुई। इसके बाद बनारसी दादरा डगर बीच कैसे चलूं... की प्रस्तुति दी। तबले पर पं. मंगला प्रसाद मिश्र ने संगत की। दूसरी प्रस्तुति में जबलपुर से परिवेश चौधरी एवं संगीत पुरी गोस्वामी ने तबला युगलबंदी के जरिये अपने गुरु ताल शिरोमणि के चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित की। तीसरी प्रस्तुति दिल्ली से मेहताब अली नियाजी का सितार वादन रहा। इस दौरान सीमा केसरी, गौरव मिश्र, सत्यपाल पांडेय, शिवम मिश्र, प्रथम विश्वकर्मा, वैभव मिश्रा, प्रियांश वर्मा आदि मौजूद रहे।