बरेका महाप्रबंधक अंजली गोयल ने शुक्रवार को न्यू लोको शॉप में विद्युत इंजन को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित किया। अब तक के किसी भी माह में बनाया गया सर्वाधिक 45वां इंजन है। महाप्रबंधक ने अपने साथ शुक्रवार को सेवानिवृृत्त हुए बरेका के तीन कर्मचारियों के जरिए इंजन को हरी झंडी दिखाकर रवाना कराया। यह मालवाहक विद्युत लोको है, जिसे दक्षिण मध्य रेलवे के काजीपेट विद्युत लोको शेड भेजा जा रहा है।
महाप्रबंधक अंजली गोयल ने बताया कि दिसंबर 2021 में बरेका द्वारा 45 विद्युत लोको का निर्माण किया गया जो कि किसी एक माह का लोको का रिकार्ड उत्पादन है, इससे पहले लोको उत्पादन का मासिक रिकार्ड 41 का था, जिसे नवंबर 2020 में बनाया गया था, साथ ही इस माह ट्रक मशीन शॉप के बोगी निर्माण कार्यशाला में कुल 51 बोगी का निर्माण किया गया, जो अब तक का सर्वाधिक है। इसके पूर्व नवंबर 2020 में सर्वाधिक 34 बोगी का निर्माण किया गया था।