वरुणा कॉरिडोर में अवैध निर्माण के खिलाफ वीडीए की कार्रवाई जोर नही पकड़ पा रही। गीता नगर कॉलोनी में विरोध के बाद बुधवार को बघवा नाला के पास भी वीडीए की टीम को विरोध के चलते मैदान छोड़कर भागना पड़ा। लोगों के विरोध और पथराव के चलते वीडीए की टीम वहां से भाग खड़ी हुई। डीएम के निर्देश के बाद वरुणा कॉरीडोर में हरित पट्टी में बिना नक्शे के निर्माण को ढहाने की कार्रवाई कहने के लिए तो 12 दिसंबर से शुरू हुई पर तीन दिन बाद भी वीडीए कोई बड़ी कार्रवाई नही कर सका है। बुधवार को बघवा नाला में हरित पट्टी का निर्धारण करने गई वीडीए की टीम पर लोगों ने पथराव किया। उग्र विरोध को देखते हुए वीडीए की टीम को वापस लौटना पड़ा।
विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि हरित पट्टी के निर्धारण को लेकर वीडीए खुद ही स्पष्ट नही है। कहीं निर्धारण नदी के मुहाने के 50 मीटर बाद किया गया है तो कहीं बीच नदी में सीमांकन किया गया है। लोगों ने बीते मई और जून में सिंचाई विभाग, राजस्व, नगर निगम और वीडीए की संयुक्त टीम की ओर से किये गाए सीमांकन पर भी सवाल उठाया। उधर नक्खी घाट में भी लोगों ने धरना देकर अपना विरोध जताया।
वरुणा कॉरिडोर निर्माण के लिए बुधवार को बुद्ध विहार में पैमाइश हुई। वरुणा कॉरिडोर शुरू होने के बाद से इस कॉलोनी में यह चौथी पैमाइश हुई। बता दें कि वरुणा कॉरिडोर के निर्माण में वीडीए की ओर से घोषित 12 अवैध निर्माण रोड़ा बने हुए हैं जबकि विंचार विभाग की ओर से घोषित अवैध निर्माण 14 हैं। वीडीए ने दो अवैध निर्माण पर बुधवार को कार्रवाई की। खजुरी वार्ड के राजा कॉलोनी के रोजिन बानो के अवैध निर्माण को ढहाया गया तो वहीं लालपुर में समाजवादी आवास योजना में रोड़ा बन रहे अवैध निर्माण को भी तोड़ा गया। लालपुर स्कीम में 56 समाजवादी हाउसिंग स्कीम के तह चार स्टोरी फ्लैट बनने हैं।
स्थानीय थाना क्षेत्र के चांदमारी स्थित वीडीए कॉलोनी में अवैध रूप से कब्जा की गई जमीन पर बुल्डोजर चलाकर अवैध निर्माण को ढहाया गया। एसीएम चतुर्थ की मौजूदगी में शिवपुर, कैंट, आदमपुर और सारनाथ की फोर्स भी मौजूद रही। इस दौरान विरोध कर रही सात महिलाओं और दो पुरुष को हिरासत में लिया गया। कार्रवाई को महिलाओं का जबरदस्त विरोध झेलना पड़ा। उनको पुलिस ने पकड़कर वीडीए की वैन से शिवपुर थाना पहुंचा दिया। जग्गन विश्वकर्मा, बिहारी, धर्मराज, घनश्याम ने बताया कि यह मामला सिविल कोर्ट में चल रहा है। 1995 में वीडीए ने दो एकड़ जमीन अधिग्रहीत किया था जिसपर उनका कब्जा है। हमलोग वर्षों से यहां रह रहे है। अधिशासी अभियंता गोपाल कृष्ण ने बताया कि दो हजार वर्ग मीटर वीडीए की जमीन है जिसपर अवैध निर्माण कर अवैध रूप से कब्जा किया गया था। इन लोगों ने हाईकोर्ट में अपील की थी जिसे अदालत ने खारिज करते हुए 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।