22 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी आगमन के दौरान इस बार सुरक्षा निगरानी में एनएसजी के स्नाइफर भी तैनात होंगे। बुधवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग में सूबे के प्रमुख सचिव गृह देवाशीष पांड्या और डीजीपी जावीद अहमद ने बताया कि इसके लिए एनएसजी से वार्ता की जा रही है। पुलिस और प्रशासन के अफसरों को दोनों उच्चाधिकारियों ने ताकीद की कि हर स्तर पर सुरक्षा प्रबंधों को पूरी तरह पुख्ता किया जाए। निगरानी में ड्रोन कैमरों की मदद ली जाए। डीरेका से बाबतपुर मार्ग को दुरुस्त करने के साथ ही पहले से रूट डायवर्जन की रूपरेखा तैयार करने के भी निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी ने डीएम और एसएसपी को निर्देशित किया कि रूट डायवर्जन इस तरह करें कि आम जनता को कोई दिक्कत न होने पाए। डीरेका से बीएचयू एवं डीरेका से बाबतपुर मार्ग पर समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराएं। हेलीपैड पर नीलगाय या कोई अन्य जानवर न आने पाए इसके लिए आसपास के रास्तों और खुले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराकर जाली लगवाने को कहा। कार्यक्रम स्थल के आसपास एहतियाती तैयारियों संग आकस्मिक स्थल बनाएं ताकि अचानक भीड़ बढ़ने या किसी विपरीत स्थिति में इनका उपयोग किया जा सके।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने बताया कि डीरेका में प्रस्तावित पीएम के कार्यक्रम में संसदीय क्षेत्र की पांच विधानसभाओं के 17 मंडलों से लगभग 35 हजार बूथ स्तरीय कार्यकर्ता भाग लेंगे। एडीजी कानून व्यवस्था दलजीत चौधरी ने सुरक्षा के लिए कंमाडो, पीएसी, पैरामिलिट्री फोर्स के अलावा अतिरिक्त पुलिस अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में आईजी एसके भगत, डीआईजी विष्णु प्रकाश, जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र, एसएसपी नितिन तिवारी, नगर आयुक्त श्रीहरि प्रताप शाही आदि मौजूद थे।
भाजपा पीएम के प्रस्तावित आगमन के मद्देनजर गुरुवार से स्वच्छता अभियान चलाएगी। बाबतपुर से डीरेका तक 50 स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। प्रमुख चौराहों को झालरों से सजाया जाएगा। कई जगह रंगोली बनाई जाएगी। बुधवार को जिला और महानगर इकाई की गुलाब बाग स्थित कार्यालय पर हुई बैठक में इसकी तैयारियों की रूपरेखा तय की गई। ये तैयारियां क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य के निर्देशन में होंगी। प्रदेश सह प्रभारी सुनिल ओझा ने बूथ कार्यकर्ताओं की सूची के बारे में जानकारी ली। कहा कि मंडलवार सूची तैयार की जाए। इस मौके पर रामचंद्र मिश्रा, अशोक चौरसिया, हंसराज विश्वकर्मा, ओंकार नाथ केशरी, प्रदीप अग्रहरी, अशोक तिवारी, प्रभात सिंह, ज्ञानेश जोशी, सुरेश सिंह, प्रह्लाद गुप्ता, विद्या सागर राय, भोला शंकर मिश्र, सुरेंद्र पटेल, मीना चौबे, निर्मला सिंह पटेल, नवीन कपूर, मधुकर चित्रांश आदि मौजूद रहे। उधर, डीरेका में भी तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने बुधवार को अपने कार्यालय में बैठक कर पीएम के आगमन की तैयारियों के लिए अलग-अलग विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कीं। बिजली विभाग के अभियंता को कार्यक्रम स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के अलावा मुख्य मंच की सुरक्षा के दृष्टिगत अभी से कर्मचारियों की तैनाती की ताकीद की। पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिया कि मंच और बैरिकेडिंग के काम वे अपनी देखरेख में कराएं। कचहरी-बाबतपुर मार्ग की अत्यंत खराब स्थिति पर नाराजगी जताई और अभियान चलाकर इसकी मरम्मत कराने का निर्देश दिया। कैंट-लहरतारा, कचहरी-मकबूल आलम रोड, चौकाघाट-सिगरा-रथयात्रा-लंका मार्ग को भी दुरुस्त करने की ताकीद की। आईजी एसके भगत, डीआईजी विष्णु प्रकाश, डीएम योगेश्वर राम मिश्र, एसएसपी नितिन तिवारी, नगर आयुक्त श्रीहरि प्रताप शाही समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।