अस्पताल में भर्ती गंभीर रूप से घायल युवतियां
- फोटो : अमर उजाला।
सोनभद्र के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के उभ्भा गांव में रविवार की शाम मिट्टी लेने गई दो युवती एक किशोरी में से किशोरी की मिट्टी का टीला ढहने से मलबे के ढेर में दब जाने मौत हो गई जबकि दो अन्य युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। चीख-पुकार पर आसपास में मौजूद लोगों ने परिवार वालों को सूचना दी।
फिर एंबुलेंस से घायल दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल भिजवाया गया। वहां से दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उभ्भा गांव की रहने वाली मंजू (17) पुत्री महेंद्र] किरन (18) पुत्री बसंतलाल और मंजू (18) पुत्री बुद्धू घर की लिपाई-पोताई के लिए रविवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे गांव से लगभग एक किमी दूर जंगल में मिट्टी लेने गई थीं। वे मिट्टी के टीले के नीचे मिट्टी खोद रही थीं कि इसी दौरान अचानक टीला ढह गया और तीनों उसी में दब गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े।
सूचना पर लोगों की मदद से किसी तरह तीनों को बाहर निकलवाया गया, लेकिन हादसे में मंजू की मौके पर ही मौत हो गई। फिर मामले की जानकारी पीआरबी-112 व एंबुलेंस को दी गई। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से गंभीर रूप से घायल किरन और मंजू को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
वहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। उधर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मौके पर पंचनामा की कार्रवाई में जुटी हुई थी।