Varanasi News: बीते 30 सितंबर से छात्र छात्रसंघ चुनाव के लिए धरने पर बैठे थे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों का धरना समाप्त करने का बहुत प्रयास किया। मगर छात्र अपनी बातों पर अड़े रहे। फिर छात्रों ने आपस में वार्ता कर विश्वविद्यालय से लिखित रूप से छात्रसंघ चुनाव हेतु जवाब मांगा।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सात दिनों से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना रविवार को समाप्त हो गया। कुलपति के लिखित आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना धरना यह कहकर समाप्त कर दिया कि 25 नवंबर को चुनाव की तारीख का इंतजार रहेगा। इस दिन तक शांति बनाए रखेंगे।
विज्ञापन
हालांकि, विद्यापीठ प्रशासन ने एक कार्यालय ज्ञापन जारी कर उसमें हाईकोर्ट के अंतिम फैसले की भी शर्त रखी है। कहा है कि छात्र संघ चुनाव मामले में काशी विद्यापीठ भी एक पक्ष है। सुनवाई के फैसले और काशी विद्यापीठ में 70 फीसदी एडमिशन के बाद ही चुनाव का एलान किया जाएगा।
रविवार को छात्रों ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि 25 नवंबर को हाईकोर्ट से डिस्पोजल मिलते ही तत्काल चुनाव अधिकारी नियुक्त कर दिया जाना चाहिए। इसी आश्वासन के बाद छात्रों ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया है।