दक्षिण-पूर्वी हवाओं के दबाव के चलते पूर्वांचल में अभी दो दिन तक बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ की एक ब्रांच भूमध्य सागर से अफगानिस्तान होते हुए शनिवार को जम्मू पहुंच गई लेकिन उसे यहां आने में अभी दो दिन का वक्त लगेगा।
पछुआ हवा चलने के बाद सोमवार से मौसम में सुधार की उम्मीद है। उधर, ठंड लगने से अलग-अलग जगहों पर दो लोगों की मौत हो गई। बीएचयू के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के प्रभारी डॉ. एसएन पांडेय के मुताबिक जबतक दक्षिण-पूर्वी हवा चलेगी, तबतक बादल छाए रहेंगे। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ की एक ब्रांच दोपहर बाद जम्मू पहुंच गई लेकिन उसके साथ पछुआ हवा आने में अभी 24 घंटे से अधिक समय लगेगा।
बाबतपुर के मौसम केंद्र ने शनिवार को अधिकतम तापमान 18.5 और न्यूनतम 16.8 डिग्री रिकार्ड किया। इस बीच ठंड से बीमार महमूरगंज के रामकली और रामेश्वर निवासी अशोेक कुमार की मौत होने की जानकारी मिली है।