वाराणसी में एसटीएफ ने अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले तीन तस्करों को शनिवार को कैंट रोडवेज से गिरफ्तार किया। उनके पास से एक किलो 250 ग्राम क्रूड ब्राउन शुगर और फोर्ड कार बरामद हुई है। एसटीएफ के अनुसार बरामद ब्राउन शुगर की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1.25 करोड़ रुपये है। मामले को लेकर सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसटीएफ वाराणसी इकाई के एएसपी विनोद कुमार सिंह के अनुसार सूचना मिली कि झारखंड से अवैध मादक पदार्थ (क्रूड ब्राउन शुगर) की बड़ी खेप लेकर कुछ लोग कैंट रोडवेज बस स्टेशन के पास आने वाले है। इस पर उपनिरीक्षक अमित कुमार तिवारी के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी शुरू की। सूचना पर लखनऊ नंबर की फोर्ड कार को रोका गया। कार सवार तस्कर झारखंड के चतरा, राजपुर अंतर्गत कुरकुटा निवासी सत्येंद्र भोक्ता, बाराबंकी के ससौली थाना अंतर्गत हाजपुर निवासी कृष्ण कन्हैया और बाराबंकी के कोठी थाना अंतर्गत मिर्जापुर निवासी प्रभात कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया गया।