फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनभद्र में कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान मची भगदड़, 14 महिलाएं घायल

Fri, 18 Jan 2019 10:44 AM IST
दुष्यंत शर्मा न्यूज डेस्क,अमर उजाला,सोनभद्र
विज्ञापन
रेणुकूट नगर पंचायत गेट पर हादसा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सोनभद्र के रेणुकूट नगर पंचायत कार्यालय परिसर में गुरुवार को कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मच गई। इसमें 14 महिलाएं घायल हो गईं। किसी तरह स्थिति नियंत्रित हुई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। नौ को कुछ देर के उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पांच का उपचार जारी है। उधर, इस मामले में पुलिस ने बिना अनुमति और बगैर पुलिस को सूचित किए कार्यक्रम आयोजित करने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह उर्फ बबलू सिंह सहित अन्य के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। 
विज्ञापन


नगर पंचायत अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह की तरफ से कार्यालय परिसर में प्रतिवर्ष की भांति कंबल वितरण का कार्यक्रम रखा गया था। नगर पंचायत अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह व अधिशासी अधिकारी प्रद्युम्न कुमार कंबल वितरण कर रहे थे। इस दौरान कुल दो हजार लोगों को कंबल का वितरण किया जाना था। गेट बंद रख बारी-बारी से लोगों को अंदर बुलाया जा रहा था। इसी दौरान गेट पर भारी भीड़ जमा हो गई।

पहली बार में अंदर मौजूद लोगों को कंबल बांटने के बाद, जब दोबारा बाहर जमा लोगों को अंदर बुलाने के लिए गेट खोला गया, धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान एक महिला गिर गई जिस पर लोग गिरते चले गए और 14 महिलाएं घायल हो गईं। जैसे ही मामले की जानकारी रेणुकूट पुलिस चौकी इंचार्ज राजेश सिंह को हुई वह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए।
विज्ञापन


पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भीड़ पहुंचने की संभावना के बावजूद, न तो इस कार्यक्रम की अनुमति ली गई और न ही पुलिस को ही कार्यक्रम की जानकारी दी गई। जिस वक्त चौकी इंचार्ज पहुंचे, उस दौरान सात-आठ सौ की भीड़ मौजूद थी और अफरातफरी बनी हुई थी। भीड़ को शांत कराने के साथ घायलों को हिण्डाल्को अस्पताल भिजवाया गया।

वहां नौ महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया जबकि पांच को भर्ती कर लिया गया। चौकी इंचार्ज रेणुकूट ने पिपरी थाने में तहरीर दी, जिस पर आयोजकगण के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला पंजीकृत किया गया। घटना पर दुख जताते हुए कांग्रेस के नगर अध्यक्ष जेपी सिंह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सिंह ने घायलों की उचित देखभाल और समुचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। 


एएसपी अरुण कुमार दीक्षित ने कहा कि  कार्यक्रम के लिए आयोजक की तरफ से न तो कोई अनुमति ली गई थी, ना ही पुलिस को इसकी सूचना ही दी गई। जैसे ही भगदड़ की सूचना मिली तो चौकी इंचार्ज रेणुकूट ने पहुंचकर स्थिति संभाली। उनकी तहरीर पर पिपरी थाने में आयोजकगण के खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत कर लिया गया है।
 
नगर पंचायत अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह ने कहा कि  कंबल वितरण का कार्यक्रम कई वर्षों से परंपरागत तरीके से आयोजित किया जा रहा है, कार्यक्रम की सूचना पुलिस चौकी में दी गई है उसके बावजूद प्रशासन सूचना ना पाने की बात कह रहा है जो गलत है।

अधिशासी अधिकारी ने कहा कि पुलिस को कार्यक्रम की सूचना दी गई थी। अचानक से कुछ लड़के नशे की हालत में भीड़ में घुस गए और महिलाओं को आगे की तरफ धक्का देना शुरू कर दिया, जिससे धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई। 
 
विज्ञापन

यह महिलाएं हुईं घायल

घायलों में मालती देवी पत्नी लल्लूराम, शीला देवी पत्नी ओमप्रकाश, शांति पत्नी रामआसरे, मीना देवी पत्नी राजकुमार, दशमी देवी पत्नी देवराज, अतवरिया पत्नी अयोध्या, रेशमा पत्नी सतीराम साहनी, ऊषा देवी पत्नी संजय वर्मा, सुकवरिया,  नैना पत्नी विजय, चतुरी देवी, चंद्रावती पत्नी आनंद कुमार सिंह, पुष्पा पत्नी काशीनाथ, और रूपा पत्नी मंधो शामिल हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें