राज्यस्तरीय कराटे में अलख ने तीसरी बार जीता गोल्ड, अब नेशनल खेलेंगे
मेरठ के बुलंदशहर में 68वीं राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल के अलख यादव ने लगातार तीसरी बार स्वर्ण जीता है। इस जीत के साथ अलख ने लगातार तीसरी बार जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया है। बंगाली टोला इंटर कॉलेज के खेल प्राध्यापक और कराटे टीम के कोच विमल राव ने बताया कि अलख रोज तीन से चार घंटे अभ्यास करते हैं। बताया कि प्रादेशिक कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी शुरू कर दी है।
बालिका वर्ग में प्रियंका यादव और बालक वर्ग में रत्नम मौर्य ने स्वर्ण जबकि बालिका वर्ग में लक्षिता तिवारी, अन्नया राय, शिवांश भारती और बालक वर्ग में आशिक कुमार ने रजत पदक जीता है। बालिका वर्ग में जागृति, अदिती मौर्य और बालक वर्ग में मयंक विश्वकर्मा और राहुल कनौजिया ने कांस्य पदक जीता है।
मार्शल आर्ट्स प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स ने जीते 21 पदक
कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन की ओर से दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में प्रीमियर लीग और यूथ लीग कराटे में मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स के खिलाड़ियों ने 21 पदक जीते हैं। चार स्वर्ण, सात रजत और 10 कांस्य पदक जीतने वाले एकेडमी के 32 खिलाड़ी काता और कुमिते में खेल रहे हैं।
वरिष्ठ प्रशिक्षक ज्योति सिंह ने बताया कि प्रीमियर लीग के अंडर-16 आयुवर्ग में कशिश पटेल ने कुमिते में स्वर्ण और काता में रजत, तमन्ना चौधरी ने स्वर्ण, आर्या मौर्या ने कांस्य, रजत और अजित ने स्वर्ण, फ्रांसिस कुलदीप, फ्रैंकलिन कुलदीप, आदित्य चौधरी ने कांस्य जीता। अंडर-18 आयु वर्ग में अखिल ने रजत, प्रियंका गुप्ता, नंदिनी गोंड, आंचल, खुशी, राज और वंदना ने कांस्य पदक जीता। सीनियर वर्ग में साक्षी तिवारी, संगीता सिंह, अंशु गौतम, शुभम ने रजत, सत्यम पटेल, सबरीन हाशमी, अनुष्का और प्रीति ने कांस्य पदक जीता। संस्था के अध्यक्ष भिक्षु चंदिमा थेरो, महासचिव किसलय मानव, श्वेत प्रकाश यादव ने शुभकामनाएं दी हैं।
अपने-अपने मेडल के साथ खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
मुक्केबाजी के पदक विजेताओं का हुआ सम्मान
एशियन थाई मुक्केबाजी प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों को गौराकला के हरीबंधु इंटरनेशनल स्कूल में सम्मानित किया गया। स्कूल के तीन विद्यार्थियों ने स्वर्ण पदक जीता है। वाराणसी मंडल ओवरऑल उपविजेता रहा। 11वीं की छात्रा ऋद्धिमा यादव, 7वीं की वैष्णवी पांडेय और छठवीं के छात्र अंश सिंह सकरवार ने अलग-अलग वर्ग में जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता 15 से 17 नवंबर तक पेडम इंडोर स्टेडियम गोवा में खेली गई। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. एसएन यादव ने खिलाड़ियों काे पुरस्कृत किया। सम्मान समारोह में निदेशिका शशिबाला यादव, प्रधानाचार्या जया सिंह, प्रबंधक अजय यादव मौजूद रहे।
दीक्षा और रामआशीष बने खेल उत्सव के चैंपियन
उदय प्रताप कॉलेज के 115वें संस्थापना समारोह पर दो दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता शुक्रवार को हुई। मुख्य अतिथि डीआईजी सीआरपीएफ राकेश कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को मेडल देकर पुरस्कृत किया। डिग्री कॉलेज स्तर की प्रतियोगिता में दीक्षा श्रीवास्तव और पुरुष वर्ग में राम आशीष यादव ओवरऑल चैंपियन रहे। स्वागत आयोजन सचिव प्रो. सुबोध सिंह ने किया। अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. डीके सिंह ने की।
टीआरडी ने सिग्नल को 73 रनों से हराया
मैन ऑफ द मैच अमन वर्मा के शानदार अर्द्धशतक (47 गेंद पर 75 रन) की पारी की बदौलत विद्युत टीआरडी ने सिग्नल विभाग को 73 रन से हराकर सेमिफाइनल में प्रवेश किया। लहरतारा स्टेडियम में पूर्वोत्तर रेलवे 10वीं अंतर विभागीय ट्वेंटी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को टीआरडी ने पहले बल्लेबाजी कर 19.1 ओवर में 155 रन बनाए।
सिग्नल के अनुराग मिश्रा ने तीन विकेट, लवकुश व सागर ने दो-दो विकेट चटकाए। जवाब में सिग्नल विभाग की पूरी टीम 14.3 ओवर में 82 रन पर ढेर हो गई। अमन को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ खिलाड़ी सुदेश कुमार ने दिया। शनिवार को लेखा और मेडिकल व कार्मिक और सिग्नल विभाग के बीच मैच खेला जाएगा।
सेमीफाइनल में पहुंची चंद्रप्रभा कॉलेज की टीम
सेवापुरी चैंपियंस टी-10 लीग का क्वार्टर फाइनल राष्ट्रवीर बाबू निहाला सिंह स्टेडियम में हुआ। पहले बल्लेबाजी कर चंद्रप्रभा की टीम 81 रन पर ऑलआउट हो गई। ऋषु त्रिपाठी ने 21 रनों की पारी खेली। जवाब में सेवाभारती इंटर कॉलेज की टीम 61 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ चंद्रप्रभा इंटर कॉलेज सेमीफाइनल में पहुंच गई। दूसरे क्वार्टर फाइनल में मां शांति इंटर कॉलेज की टीम को हराकर युगल बिहारी इंटर कॉलेज ने मैच जीत लिया।
बीपीएल : 70 रनों से जीता राइजिंग स्टार
बीएचयू प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में तीन मुकाबले खेले गए। राइजिंग स्टार ने 12 ओवर में 137 रन बनाए। जवाब में कॉकटेल 67 रन पर ऑलआउट हो गई। दूसरे मुकाबले में ओल्ड मॉन्क एकादश को हराकर राजाराम सुपर किंग्स ने जीत हासिल कर ली। तीसरे मुकाबले में हिमालयन एकादश को मात देकर हंटर एकादश ने बाजी मारी।
100-200 मीटर दौड़ में सानिया बनी विजेता
युवा कल्याण विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग के तहत शुक्रवार को खंड स्तरीय प्रतियोगिता बड़ागांव में हुई। बालिका जूनियर वर्ग के सौ और दो सौ मीटर दौड़ में सानिया बानो चैंपियन बनीं। खंड स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी जिलास्तरीय प्रतियोगिता में खेलेंगे।
श्री हरिहर महादेव इंटर कॉलेज देवचंदपुर के मैदान में सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में 1300 खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी और कुश्ती प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। सब जूनियर पुरुष वर्ग के सौ मीटर दौड़ में मोनू पाल, आठ सौ मीटर वर्ग में सुधाकर पटेल और कबड्डी में हमीरपुर जबकि सौ मीटर में सभ्यता पासवान, आठ सौ मीटर में अंजू ने बाजी मारी। शनिवार को हरिहर महादेव इंटर कॉलेज देवचंदपुर मैदान पर फुटबॉल, जूडो, बैडमिंटन प्रतियोगिता होगी।
राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी ने काशी सांसद में जीता स्वर्ण, पीएम से कर चुके हैं मुलाकात
काशी सांसद खेलकूद के तहत सिगरा स्टेडियम के इंडोर स्टेडियम में कराटे प्रतियोगिता हुई। बालक-बालिका वर्ग में 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। दो राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीत चुके और पिछले साल के चैंपियन गौरव शुक्ला ने अंडर-14 में स्वर्ण पदक जीता है। पीएम मोदी ने गौरव से मुलाकात की थी।
वह छह प्रादेशिक प्रतियोगिता में स्वर्ण हासिल कर चुके हैं। उनके पिता कर्मकांड कराते हैं। गौरव विनिता पब्लिक स्कूल में 11वीं के छात्र हैं। कराटे में पवन साहनी, विपीन सिंह, आर्यन यादव, विनायक यादव और बालिका वर्ग में रिशिका राय, सौर्या यादव, यासिका सोनी, ऋद्धी गुप्ता, सत्यांजलि सिंह ने स्वर्ण पदक जीता है। शनिवार को समापन होगा। निर्णायक की भूमिका रत्नेशन सिंह, विपीन पाल, साक्षी जायसवाल, आनंद यादव ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
जीत के साथ अगले मुकाबले में प्रवेश करने वाली विद्यापीठ की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
शिवानी की मुस्तैदी से रॉयल क्लब ने एक गोल से जीता मैच
परमानंदपुर खेल मैदान पर जिलास्तरीय हॉकी प्रतियोगिता खेली गई। कांटे के मुकाबले में रॉयल क्लब की टीम ने स्टार क्लब को 3-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। रॉयल क्लब की गोलकीपर शिवानी यादव ने स्टार क्लब के दो पेनाल्टी और तीन हमले को बेकार कर दिया।
फाइनल मुकाबले का टिकट कटाने के लिए मैदान पर उतरी दोनों टीमों में कांटे का मुकाबला देखने को मिला। पहले हाफ के शुरुआती दस मिनट तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। पहला गोल 12वें मिनट में रॉयल क्लब की अंजली प्रजापति ने टीम का खता खोला।
चार मिनट बाद स्टार क्लब की कप्तान मोनिका गुप्ता ने गोल कर टीम को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। 20वें मिनट में रॉयल क्लब की आस्था यादव ने मैदानी गोल कर रॉयल क्लब को 2-1 से आगे कर दिया। 36वें मिनट में अंजली प्रजापति ने गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। स्टार क्लब की ओर से 39वें मिनट में सत्या यादव ने गोल कर स्कोर 3-2 किया। इसके साथ ही रायल क्लब ने 3-2 से मैच जीत लिया।