कैंट स्टेशन पर शनिवार को किलाबंदी कर यात्रियों की जांच की गई। सीआईटी समेत 25 कर्मचारियों की स्पेशल टीम ने 18 घंटे की जांच में बेटिकट यात्रियों से दो लाख रुपये जुर्माना वसूले। चेकिंग देख एक ही दिन में जनरल काउंटर से 20 लाख रुपये के टिकट बिके। सहायक वाणिज्य प्रबंधक (तृतीय) भागचंद मीणा के नेतृत्व में मुख्य टिकट निरीक्षक (इंचार्ज) जनार्दन सिंह ने टिकट जांच अभियान चलाया।
स्टेशन परिसर की घेरेबंदी में 359 बिना टिकट यात्री पकड़े गए। सीआईटी ने बताया कि इसके चलते यात्रियों की जनरल टिकट काउंटर पर टिकट लेने के लिए यात्रियों की भीड़ लग गई। एक ही दिन में कुल 20 लाख 56 हजार रुपये की टिकट की बिक्री हुई।
सड़क हादसे में मृत दो बुनकरों के परिजनों से मिली विधायक पुत्री अदिति सिंह पटेल
मोहनसराय के बैरवन गांव स्थित हाइवे पर बीते रविवार को रिंकू गुप्ता (42) व चंद्रबली पटेल (43) की ट्रैक्टर के टक्कर से मौत हो गई थी। जबकि बाइक के पीछे बैठे लालचंद पटेल गंभीर रूप से घायल हो गये थे। शनिवार को सेवापुरी विधायक नील रतन पटेल की पुत्री अदिति सिंह पटेल ने मृतकों के घर पहुंच परिजनों से मिलकर सांत्वना दी और हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। उन्होंने घायल लालचंद के परिवार से भी मुलाकात कर हालचाल जाना।
यीशु के आगमन से आज चर्चों में गूंजेंगे खुशी के तराने
प्रभु यीशु के आगमन के तीसरे रविवार को चर्चों में खुशी के तराने गूंजेंगे। सुबह प्रार्थना सभा होगी। कैरोल गीतों से प्रभु की आराधना की। सीएनआई चर्चों में वाइट गिफ्ट सर्विस के तहत मसीही दान दिए जाएंगे। लाल चर्च में सामूहिक क्रिसमस ट्री का आयोजन होगा। साथ ही पारिवारिक भोज सहभागिता में भी सभी भाग लेंगे।
सरकारी केवल बिछाने वाली मशीन समेत चोरी
केबल बिछाने वाली मशीन को ट्रक समेत चोरी का केस दर्ज किया गया है। लालपुर राधापुरम कालोनी निवासी ट्रक मालिक आशुतोष प्रताप सिंहने बताया कि एचडीडी मशीन जो केबल बिछाने का कार्य करती है। इमीलिया ग्राम सभा में प्रदीप सिंह के प्लाट के बगल खाली स्थान पर खडी थी, जिसे चोरी कर लिया गया। उसी दौरान प्रदीप सिंह की डीजी ट्रेक मशीन भी चोरी हो गई।
महंत सियाराम दास पर धोखाखड़ी करने का केस दर्ज
अस्सी स्थित पुराना गुदड़ दास के अखाड़ा राघव मंदिर के महंत सियाराम दास के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर भेलूपुर थाना में धोखाधड़ी कूट रचित करने के मामले में केस दर्ज किया गया है। सिखड़ी दुल्हपुर गाजीपुर के रहने वाले पारसनाथ राय की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। पारसनाथ राय का आरोप है कि मंदिर के तत्कालीन महंत रामानंद दास ने उन्हें 1997 में उन्हें अध्यक्ष नामित करके डीड रजिस्टर करा दिया। जिससे किसी दूसरे से मंदिर ट्रस्ट का कोई सरोकार नहीं है।
फाइनेंस पैसा न देने का आरोप लगा धोखे से उठा ले गए ट्रक, मुकदमा दर्ज
फाइनेंस का पैसा न देने का आरोप लगाकर ट्रक ले जाने के मामले में पुलिस ने तीन नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गोरा जैन नगर देवरिया निवासी दुर्गा सिंह ने बताया कि उन्होंने ट्रक खरीदने के लिए 28 लाख 76 हजार रुपए का फाइनेंस करवाए थे। लगभग 27 लाख 95 हजार रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
सारनाथ क्षेत्र के रिंग रोड से ड्राइवर ट्रक लेकर जा रहा था। विनायक प्लाजा सिगरा के गौरव दुबे, अभिषेक तिवारी व रोहित सहित दो अज्ञात लोग ट्रक रुकवाकर चाभी ले लिए और ड्राइवर के साथ मारपीट की। इस प्रकरण में स्थानीय पुलिस ने ट्रक मालिक की तहरीर पर तीन नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
एनजीओ के नाम पर गबन के मामले में दंपती समेत तीन पर केस
एनजीओ के नाम पर गबन के मामले में दंपती समेत तीन के खिलाफ आदमपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकीमगंज निवासी आशीष कुमार का आरोप है कि वह बाल कल्याण एनजीओ के ट्रस्टी हैं। अध्यक्ष सुमित श्रीवास्तव हैं। एनजीओ में अखिलेश सिंह और उनकी पत्नी भी जुड़ी हुई है। आरोप है कि सुमित और अखिलेश समेत उनकी पत्नी ने सीएसआर फंड दिलाने के नाम पर एनजीओ का नाम लेकर करोड़ों का गबन किया है। मध्य प्रदेश और यूपी के पीलीभीत में गबन मामले में केस दर्ज कराया है।
हेड कांस्टेबल से जमीन के नाम पर 18 लाख की धोखाधड़ी
जमीन के नाम पर 18 लाख की धोखाधड़ी के मामले में हेड कांस्टेबल ने केस दर्ज कराया। सारनाथ थाने में डायल-112 में तैनात हेड कांस्टेबल संजीव कुमार यादव ने बताया कि उसकी मुलाकात मंडुवाडीह के चांदपुर निवासी मुुकेश कुमार से हुई। मुकेश कुमार ने रोहनिया के दफ्फलपुर जमीन दिखाई। 22 लाख में सौदा तय हुआ। बैंक से 15 लाख का लोन और तीन लाख रुपये कुल 18 लाख रुपये मुकेश कुमार के खाते में भेजे। जब जमीन की रजिस्ट्री के लिए मुकेश को कॉल किया तो उसका मोबाइल बंद मिल रहा है। उसका पता नहीं चल रहा है।
नए गहने के लालच में महिला के साथ ठगी
रामनगर। पुराने आभूषण को नया बनाने का झांसा देकर ठगों ने महिला से ठगी की। पीड़िता के पति ने केस दर्ज कराया है। गोलाघाट निवासी अमर पाठक ने बताया कि 20 नवंबर को एक महिला घर पहुंची और पत्नी से पुराने बर्तन की मांग कर नए बर्तन देने की बात कहीं। पत्नी ने पुराने बर्तन दे दिए तो महिला कुछ देर बाद नए बर्तन लेकर आयी। विश्वास में लेने के बाद उक्त महिला ने बर्तनों की तरह ही पुराने गहनों के बदले नया गहना देने का लालच दिया। पत्नी उक्त ठग महिला के झांसे में आकर पुराने गहने दे दिए।
बाइक सवारों ने छात्र को पीटा
मिर्जामुराद के मेहंदीगंज गांव स्थित रिंग रोड पर शनिवार की शाम साइकिल सवार छात्र शुभम की बाइक सवारों ने पिटाई कर दी। हरपुर गांव निवासी शुभम कुमार (17) इंटरमीडिएट छात्र स्कूल से घर लौट रहा था। इस बीच छात्र केशोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण दौड़े तो बाइक सवार अपनी बाइकछोड़कर भागे। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लिया है। पीड़ित छात्र बाइक सवारों के खिलाफ केस दर्ज कराया।
नगर निगम के कर्मचारी की पिटाई
रामनगर थाना क्षेत्र के बटाऊबीर स्थित कूड़ाघर से डंपर में कूड़ा लाद रहे नगर निगम में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की पिटाई कर दी गई। चार युवकों ने पास लेने के विवाद में लाठी डंडे से मारा पीटा। पीड़ित कर्मचारी गोविंद ने केस दर्ज कराया। पुलिस आसपास लगे सीसी कैमरे से तलाश कर रही है।
बरेका को मिला ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार
उत्तर प्रदेश राज्य ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बरेका) को रेलवे वर्कशॉप सेक्टर में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण द्वारा प्रदान किया गया। बरेका को यह सम्मान ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों और ऊर्जा कुशल तकनीकों के सफल क्रियान्वयन के लिए दिया गया। बरेका को वर्ष 2022 में भी इसी वर्ग में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
150 शिष्यों ने गुरुओं के विशिष्ट ग्रंथों का किया पाठ
रामकुंड स्थित आशुतोष हरिदास आश्रम के शताब्दी समारोह पर चल रहे विविध अनुष्ठान के क्रम में शनिवार को भी गुरु मूर्तियों का शृंगार और मंगला आरती हुई। बाहर से आए 150 शिष्यों ने गुरु ग्रंथों का पाठ किया। पुरी के जगन्नाथ मंदिर के मुख्य पुजारी राम दैतापति और पुरी आश्रम के प्रभारी गौतम मुखर्जी के सानिध्य में साधु-संतों और शिष्यों ने पूजन अर्चन किया।
उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, झारखंड, बिहार, राजस्थान राज्यों से आए छह सौ से अधिक संतों और अनुयायियों ने विधिवत गुरुओं की पूजा की। आश्रम के प्रमुख सदस्य श्यामपद सेन गुप्ता ने बताया कि आश्रम के 100 वर्ष 15 दिसंबर को पूरे होंगे। 9 दिसंबर से शुरू अनुष्ठान का समापन भी इसी दिन होगा। समापन पर गुरुओं की प्रतिमा और देव विग्रहों का पंचामृत अभिषेक कर शृंगार होगा।
27 देवालयों में आज लगाएंगे हाजिरी
तीर्थायन के तहत रविवार को काशीस्थ तीर्थों की परिक्रमा यात्रा निकाली जाएगी। काशी सहित पूर्वांचल भर से आए श्रद्धालु यात्रा में शामिल होकर 27 देवालयों में पूजन अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। यात्रा नीचीबाग से सुबह पांच बजे निकलेगी और समापन दारानगर स्थित कृतिवाशेश्वर महादेव में दर्शन पूजन के साथ होगा। यात्रा संचालक उमाशंकर गुप्त ने बताया कि परिक्रमा यात्रा के दौरान श्रद्धालु ठठेरी बाजार में जमुनेश्वर महादेव व हसनेश्वर महादेव, चिंताहरण हनुमान मंदिर, चंद्रचूड़ेश्वर, विश्वकर्मा भंकदर आदि मंदिरों में दर्शन पूजन करेंगे।
चोरी की आरोपी महिला गिरफ्तार
वाराणसी। श्रद्धालु का बैग चोरी की आरोपी महिला को चौक पुलिस ने शनिवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मन्दिर परिसर से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 16500 नकदी बरामद हुई।
बंद मकान को चोरों खंगाला
थाना क्षेत्र के तुलसी विहार कॉलोनी में बंद मकान में चोरी हो गई।घरेलू सामान चोर समेट ले गए। मकान मालिक सदानंद राय पांच माह पूर्व परिवार के साथ सिलीगुड़ी में रहते हैं। तुलसी विहार कालोनी के पास रिश्तेदार मिनी राय देखभाल करती हैं। वह मकान पर पहुंची तो मुख्य द्वार का ताला टूटा था। अंदर के कमरों में रखी अलमारी का लाकर टूटा हुआ था।थाना प्रभारी उदय वीर सिंह ने बताया कि छानबीन की जा रही है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बड़ागांव थाने का किया वार्षिक निरीक्षण
संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. जे एजिलरसन ने शनिवार को बड़ागांव थाने पर पहुंच कर वार्षिक निरीक्षण किया। इसके बाद थाना परिसर में पौधरोपण भी किया। इस दौरान गार्ड ऑफ ऑनर के बाद जेसीपी ने मालखाना, अभिलेखों, आवास, मेस ,सीसीटीएनएस बैरकों के साथ ही शस्त्रागार का निरीक्षण किया। साथ ही शस्त्रों को चेक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। वहीं उपस्थित चौकीदारों को टार्च और कंबल वितरित किया। इस दौरान डीसीपी गोमती जोन प्रमोद कुमार, एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार, थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
एमएलसी ने क्षेत्रीय कार्यालय में की जनसुनवाई
भाजपा के जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा और एमएलसी धर्मेंद्र राय ने शनिवार को पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान रोहनिया बाजार के दर्जनों व्यापारियों ने शनिवार को एमएलसी धर्मेन्द्र राय से मिलकर सड़क चौड़ीकरण में प्रभावित लोगों के लिए उचित मुआवजे की मांग की।
व्यापारियों का कहना है कि बाजार के कुछ व्यापारी राजस्व विभाग की तकनीकी अड़चन से मुआवजा पाने से वंचित हैं। मोहनसराय- कैंट मार्ग के चौड़ीकरण में रोहनिया बाजार के पात्र परिवारों को मुआवजा दिए जाने के लिए पत्र लिखा। कुंभ के दृष्टिगत निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा है। संबंधित निर्माण एजेंसी से कहा कि व्यापारियों की सुविधा के लिए लगातार पानी का छिड़काव हो।
लंका नरिया मार्ग पर डिवाइडरों के कट को पुलिस ने बंद कराया
लंका इलाके में जाम की समस्या खत्म करने के लिए पुलिस ने शनिवार को डिवाइडर के बीच में खुले कट को बंद करा दिया है। खुले कट से वाहन सवार चलते ट्रैफिक में घुस जाते थे। जिस कारण जाम लग जाता था। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि एनएच के अधिकारियों से बात कर पत्थर का बूम बोल्डर मंगवाकर खुले कट को बंद कराया गया। डिवाइडरों के कट बंद होने से जाम की समस्या समाप्त हो जाएगी।
आईएमए में 82 डॉक्टर चुने गए काउंसिल सदस्य
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन वाराणसी शाखा के चुनाव में कार्यकारिणी पदाधिकारियों के चुनाव के बाद शनिवार को 82 डॉक्टर काउंसिल सदस्य चुने गए। रविवार को आईएमए सभागार के समारोह में इस साल चुनी गई कार्यकारिणी का पद ग्रहण समारोह होगा।
चुनाव अधिकारी एडीएम सिटी आलोक वर्मा के देखरेख में एक्जीक्यूटिव काउंसिल, स्टेट काउंसिल के साथ ही सेंट्रल काउंसिल के सदस्यों के मतों की गणना के बाद पदाधिकारियों की घोषणा हुई। चुनाव अधिकारी ने बताया कि स्टेट काउंसिल के 41 पदाधिकारियों में सबसे अधिक डॉ. मधु अग्रवाल ने 867 मत प्राप्त किए। इसमें वर्तमान समय में आईएमए अध्यक्ष डॉ.एसपी सिंह 826, डाॅ. ओपी तिवारी को 821 मत मिले।
इसके अलावा सेंट्रल काउंसिल में 20 पदाधिकारियों में डाॅ. मधु अग्रवाल को सबसे अधिक 753 मत मिलेे। एक्जीक्यूटिव काउंसिल मेंबर के 21 पदों के चुने पदाधिकारियों में डॅा.एसपी सिंह ने सर्वाधिक 721, डॉ.अरुण कुमार त्रिपाठी ने 668 मत प्राप्त किए। आईएमए सचिव डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शाम 6 बजे से शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत अन्य पदों पर चुने पदाधिकारी पद ग्रहण करेंगे।
नन्हें-मुन्ने बच्चों ने प्रस्तुत किया सांस्कृतिक कार्यक्रम
केंद्रीय विद्यालय बरेका कंचनपुर में शुक्रवार को केंद्रीय विद्यालय संगठन का स्थापना दिवस मनाया गया। मुख्य अतिथि बरेका के चेयरमैन और केंद्रीय विद्यालय बीएलडब्लू के चेयरमैन जनार्दन सिंह और नौमिनी चेयरमैन श्याम बाबू का स्वागत स्काउट गाइड कलर पार्टी ने किया। नन्हें-मुन्ने बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नई खोज तकनीकी से लैस ई-हेलमेट का कक्षा 8 के उन्नत पटेल और कक्षा 12 के अनुराग यादव ने प्रदर्शन किया।
प्राथमिक संभाग की ओर से केंद्रीय विद्यालय में हो रहे नित नए सुधार, शिक्षा उपयोगी कार्यक्रम और विभिन्न गतिविधियां दर्शाईं। खेल के विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। प्राचार्य श्रीधर पांडेय ने विद्यालय और बच्चों की विभिन्न क्षेत्र में उपलब्धियों का वर्णन किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
एआई तकनीक के बारे में दी गई जानकारी
दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की ओर से पांडेयपुर प्रेमचंद नगर कालोनी कार्यालय में तीन दिवसीय आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस कोर्स का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य वक्ता बंगलौर से सीए आनंद पी जांगिड़, इंदौर से प्रो. कपिल कुमार सूरी एवं कानपुर से सीए हिमांशु सिंह रहें। प्रो. कपिल कुमार सूरी जी ने मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, नेचरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग, कंप्यूटर विजन और रोबोटिक्स, वियरेबल्स, वॉइस असिस्टेंट्स,इंटरनेट ऑफ थिंग्स के बारे में जानकारी दी।
सीए हिमांशु सिंह ने बताया कि एआई का उपयोग विभिन्न क्षेत्रों में किया जा रहा है और इसके भविष्य में और भी विस्तार होने की संभावना है। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स अपने कार्य में एआई का क्या प्रयोग कर सकते है इसकी जानकारी दी। कायर्क्रम में सीए वैभव मेहरोत्रा, सीए नीरज कुमार सिंह, सीए विकास द्विवेदी, सीए सोम दत्त रघु उपस्थित थे। तीन दिवसीय कोर्स में 55 चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की सहभागिता रही ।
शारीरिक शिक्षा के महत्व पर हुई संगोष्ठी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के शारीरिक शिक्षा विभाग में मासिक सेमिनार के अंतर्गत वर्तमान परिवेश में शारीरिक शिक्षा का महत्व विषयक संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि पूजा सोनकर ने कहा कि अन्य विषयों की अपेक्षा शारीरिक शिक्षा अधिक प्रभावशाली होती है। इस दौरान नेहा सिंह राय, वैशाली दीपचंद्र, प्रसन्न कुमार, रागनी सोनकर आदि विद्यार्थियों ने अपना पक्ष रखा। प्रताप शंकर दुबे, रमेश यादव, पेंद्र कुमार उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।
चैतन्या ने राग तोड़ी में सुनाया जब सुधि आवे...
सुबह ए बनारस में युवा कलाकार चैतन्या सिन्हा ने गायन प्रस्तुति दी। गायन की शुरुआत राग तोड़ी में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश जब सुधि आवे...से की। इसके बाद द्रुत तीन ताल में निबद्ध बंदिश बात न करो पिया हम संग...पेश किया। तबले पर बाब भट्टाचार्य और संवादिनी पर अश्विनी कुमार ने संगत की। कलाकार को प्रमाणपत्र डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया।
डाककर्मियों ने कार्यशाला में सीखी शतरंज की चाल
नदेसर के डाकघर में शनिवार को जिलास्तरीय अंतर विभागीय शतरंज कार्यशाला हुई। अलग-अलग डाकघरों के 25 कर्मचारियों ने खेल की बारीकियां सीखीं। मुख्य अतिथि पोस्टमास्टर जनरल कर्नल विनोद कुमार ने कार्यशाला शुरू कारई। इस मौके पर शतरंज के राष्ट्रीय प्रशिक्षक तुषार सारस्वत ने शतरंज खेल की बारीकियों से अवगत कराया। जिला शतरंज एसोसिएशन के सचिव विजय कुमार ने इस पहल की प्रशंसा की।
आज से आईआईटी में 6जी तकनीक पर वैश्विक सम्मेलन
आईआईटी बीएचयू में आज वायरलेस बॉडी एरिया नेटवर्क्स के 19वें ईएआई बॉडीनेट्स 2024 का दो दिवसीय सम्मेलन होगा। पहली बार संस्थान कार्यक्रम की मेजबानी कर रहा है। वक्ता डायरेक्टर प्रो. अमित पात्रा, मुख्य अतिथि भारत में 6जी के डायरेक्टर राजेश कुमार पाठक और बीएसएनएल चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रॉबर्ट रवि समेत दुनिया भर से 120 कम्युनिकेशन वैज्ञानिक आएंगे। इसमें 6 जी तकनीक पर चर्चा होगी। वायरलेस संचार, स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी, पहनने योग्य उपकरण और बायोमेडिकल इंजीनियरिंग के बारे में बात की जाएगी।
सीटेट की परीक्षा में गणित, विज्ञान और हिंदी में उलझे परीक्षार्थी
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से शनिवार को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) 41 केंद्र पर हुई। परीक्षा में 35 हजार लोगों ने आवेदन किया था, लेकिन 30 हजार परीक्षार्थी ही शामिल हुए। ऑफलाइन मोड में आयोजित परीक्षा दो पालियों में हुई। पहली पाली सुबह 9.30 से दोपहर 12 बजे तक हुई। वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा कक्षा एक से पांच के लिए दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक ली गई। पहली पाली में परीक्षार्थियों को गणित और विज्ञान के कुछ प्रश्नों ने उलझा दिया। साथ ही दूसरी पाली के परीक्षार्थियों को हिंदी में परेशानी हुई।
परीक्षार्थी उमेश कुमार ने बताया कि प्रश्न पत्र अपेक्षाकृत आसान रहा। गणित के प्रश्नों ने उलझा दिया। सुनीता मिश्रा ने कहा कि हिंदी के प्रश्नों ने थोड़ा परेशान किया, लेकिन अन्य सभी प्रश्न आसान लगे। ठंड होने के चलते परीक्षार्थियों को समय पर पहुंचने में परेशानी हुई। परीक्षार्थियों की तलाशी के बाद केंद्र पर एंट्री मिली। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड के साथ एक वैध फोटो आईडी प्रूफ जैसे पैनकार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस और वोटर आईडी लाना अनिवार्य था।
तीन माह में दूसरी बार घटे पीएनजी के दाम
गेल ने घरेलू पीएनजी के प्रति एससीएम (स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर) दाम में 1.60 रुपये की कटौती की है। 16 दिसंबर से वाराणसी में घरेलू पीएनजी के एक एससीएम का मूल्य 52.07 रुपये के बजाय 50.47 रुपये हो जाएगा। तीन माह में दूसरी बार इसके दाम में कटौती की है। गेल के मुख्य प्रबंधक प्रवीण गौतम ने बताया कि पीएनजी में 21 अक्तूबर को प्रति एससीएम 55.32 रुपये से घटाकर 52.07 रुपये की गई थी। ऑनलाइन भुगतान करने वाले ग्राहक को हर दो माह पर 25 रुपये का अतिरिक्त बचत होती है। जिले में गेल के 42 हजार से अधिक घरेलू गैस ग्राहक हैं।
डीपीएस में दो दिवसीय राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज
दिल्ली पब्लिक स्कूल डीपीएस में दो दिवसीय राष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट ओपन बालक प्रतियोगिता शुरू हुई। नॉकआउट प्रतियोगिता में देशभर से डीपीएस के 36 शाखाओं के 144 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन डीपीएस सोसाइटी की संयुक्त निदेशक नीता विजय ने किया। प्रतियोगिता तीन कोर्ट पर खेली जा रही है। एक कोर्ट पर खिलाड़ी अभ्यास करेंगे। रेफरी की भूमिका राजीव राय, जीतेंद्र शर्मा, मैच नियंत्रक इरशाद अहमद, जीतेंद्र कुमार, विकास वर्मा ने निभाई। संचालन हर्षिनी और अविका ने किया। इस अवसर पर विद्यालय की एकेडमिक हेड मुनमुन सेन गुप्ता, रोली मानदंड मौजूद रहीं।
चिकित्सक के बेटे जीत चुके हैं सात स्वर्ण
राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में डीपीएस नासिक के कक्षा नौ के छात्र विश्वजीत थुबिल अब तक सात स्वर्ण जीत चुके हैं। अंडर-14 के खिलाड़ी ने जीत से आगाज किया। वह महाराष्ट्र के अंडर-14 टीम के कप्तान हैं। कोच ओंकार ने बताया कि स्टेट, नेशनल सहित मैचों में 30 मेडल जीत चुके हैं। सात बार गोल्ड मेडल भी जीत चुके हैं। पिता डाॅ. रामचंद्र और मां सुजाता नासिक में चिकित्सक हैं।
713 प्रतिभागियों में 195 बने विजेता
काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन कुल 195 प्रतिभागी विजेता बने। इसमें आराजीलाइन, काशी विद्यापीठ के विद्यालयों के कुल 713 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिताएं तीन आयुवर्गों 10 से 18, 18 से 40 और 40 वर्ष से अधिक में हुईं। गायन, वादन, नृत्य और नुक्कड़ नाटक कुल चार विधाएं रहीं। 16 दिसंबर को यह प्रतियोगिता सेवापुरी में होगी। विशिष्ट अतिथि विकास खंड आराजीलाइन जगतपुर पीजी कॉलेज प्राचार्य रमेश चंद्र पाठक और जगतपुर इंटर कॉलेज प्राचार्य विपिन चंद्र राम उपस्थित रहे।
क्रिकेट : रामनगर इगल्स 10 विकेट से जीता
भाजपा की कैंट विधानसभा की ओर से स्व हरिश्चंद्र श्रीवास्तव स्मृति क्रिकेट शनिवार को जयनारायण इंटर कॉलेज मैदान पर खेला गया। रामनगर इगल्स ने कैंट लायंस को 10 विकेट से हरा दिया। कैंट लायंस ने 12 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाए। पंकज पटेल ने 46 रन बनाए। रामनगर इगल्स की ओर से गेंदबाजी में रितेश पाल ने दो विकेट अन्य गेंदबाजों ने एक-एक विकेट लिए। जवाब में उतरी रामनगर के धीरेंद्र प्रताप सिंह के नाबाद 77 रन और सृजन श्रीवास्तव की मदद से एक विकेट के नुकसान पर 112 रन बनाकर 6.4 ओवर में ही मैच जीत लिया।
अंजलि की हैट्रिक से हॉकी के फाइनल में रॉयल क्लब
हॉकी वाराणसी की ओर से परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में रामदुलारी देवी स्मृति जिला स्तरीय बालिका हॉकी प्रतियोगिता खेली जा रही है। रॉयल क्लब की अंजलि प्रजापति की हैट्रिक से रॉयल क्लब ने फाइनल में प्रवेश किया। शनिवार को रॉयल और यूनिक क्लब के बीच सेमीफाइनल खेला गया।
रॉयल क्लब की अंजलि प्रजापति ने कुल पांच गोल किए। एकतरफा मुकाबले में रॉयल ने यूनिक क्लब को 6-1 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। पहला गोल सातवें मिनट में अंजलि प्रजापति ने किया। दो मिनट बाद फिर गोल किया। प्राची ने 15वें मिनट में एकल प्रयास से गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।
20वें मिनट में यूनिक क्लब की विजय लक्ष्मी ने पहला गोल किया। दूसरे हाफ में रॉयल क्लब की अंजलि प्रजापति ने 31वें, 35वें और 39वें मिनट में लगातार तीन गोल किए। साथ ही टीम को 6-1 से जीता दिलाई। मैच में चांदनी, राधिका, गरिमा, आंचल मौर्य और संजना राय ने शानदार खेल दिखाया। फाइनल सोमवार को खेला जाएगा।
परीक्षा, फाइनेंस और एचआर के लिए युवा पेशेवरों की भर्ती करेगी एनटीए
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी फाइनेंस, मानव संसाधन और परीक्षा में काम करने के लिए कांट्रेक्ट पर युवा पेशेवरों की भर्ती करेगी। इसके लिए बीटेक, एमटेक, एमएससी (कंप्यूटर साइंस), एमसीए, एमबीए, एलएलबी और एलएलएम पासआउट युवा ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार के पास सिर्फ दो साल के काम का अनुभव जरूरी है। डिग्रीधारकों के 60 फीसदी अंक होना अनिवार्य है। उम्मीदवारों को आवेदन के साथ पुलिस वेरिफिकेशन, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट देना होगा।
यंग प्रोफेशनल कांट्रेक्ट भर्ती के लिए एनटीए ने शनिवार को अधिसूचना जारी की। इसके अनुसार, परीक्षा, फाइनेंस और एचआर संबंधी कार्यों के लिए युवाओं को कांट्रेक्ट पर भर्ती की जाएगी। इसमें मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों से बीई, बीटेक, एमटेक, एमएससी (कंप्यूटर साइंस), एमसीए, एमबीए, एलएलबी और एलएलएम आवेदन कर सकते हैं।
उम्मीदवारों के पास केंद्र, राज्य सरकार, सीपीएसई, विश्वविद्यालय या रिसर्च संस्थान में दो साल के काम का अनुभव होना जरूरी है। पीएचडी और रिसर्च या फेलोशिप का अनुभव नहीं शामिल जाएगा। अधिकतम आयुसीमा 40 वर्ष है। चयनित युवाओं को 60 हजार रुपये प्रति महीना वेतन दिया जाएगा।
निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मियों ने निकाला मार्च, प्रदर्शन
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के विरोध में शनिवार को बिजली कर्मचारियों ने पैदल मार्च निकाला। इस दौरान भिखारीपुर स्थित डिस्कॉम मुख्यालय के गेट पर कर्मचारी ज्ञापन देने पहुंचे। जब यहां कोई अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा तो कर्मचारियों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
सभा को संबोधित करते हुए शैलेंद्र दुबे, जितेंद्र गुर्जर, डॉ. आरबी सिंह ने कहा कि चार वर्ष पूर्व भी वर्ष 2020 में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण का निर्णय लिया गया था। संघर्ष समिति से वार्ता के बाद उप्र के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और तत्कालीन ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के साथ 6 अक्तूबर 2020 को हुए लिखित समझौते में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण का निर्णय वापस लिया जाता है। यह निर्णय समझौते का उल्लंघन है। प्रदर्शन के दौरान मायाशंकर तिवारी, पीके दीक्षित, सुहैल आबिद, आरकेवाही, सत्या उपाध्याय, निखिलेश सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
चार स्थानों से अलाव जलवाने की शुरुआत
नगर निगम ने रविवार से अलाव जलाने की व्यवस्था की शुरुआत कर दी। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर शहर में चार स्थानों पर अलाव की लकड़ियां गिराकर जलाई गईं। कैंट स्टेशन के पास, बस अड्डे के पास, अलईपुर शेल्टर होम, गोलगड्डा शेल्टर होम के पास लकड़िया जलाई गईं। नगर आयुक्त ने जलाव की व्यवस्था कराने की जिम्मेदारी जोनल अधिकारियों को सौंपी है। वे जरूरत के अनुसार शहर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव की व्यवस्था करेंगे। इसके अलावा पार्षदों की ओर से अलाव प्वाइंट जोनल अधिकारियों के पास भेजे जाएंगे।
प्रोस्टेट कैंसर के उपचार पर पढ़ा शोध पत्र
आईएमएस-बीएचयू के यूरोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. यशस्वी सिंह ने कतर में 21-24 नवंबर को 21वीं वार्षिक अरब एसोसिएशन ऑफ यूरोलॉजी (एएयू) कांग्रेस में बीएचयू और देश का नाम रौशन किया। कांफ्रेंस में डॉ.यशस्वी ने दो शोधपत्र प्रस्तुत किए। यूरो-ऑन्कोलॉजी और न्यूरो-यूरोलॉजी विशेषज्ञ डाॅ. यशस्वी ने पहले शोधपत्र में प्रोस्टेट बायोप्सी के साथ एमआईआरएनए सहसंबंध की तकनीक बताई। ये प्रोस्टेट कैंसर के उपचार में बदलाव लाने की क्षमता रखती है। साथ ही गुर्दे के कैंसर में वक्ष सिटीस्कैन की भूमिका पर अपना शोधपत्र दिया।
एडीएम पर 25 हजार रुपये का लगा जुर्माना
सूचना के अधिकार से जुड़े एक मामले में एडीएम प्रोटोकाल प्रकाश चंद्र पर 25 हजार का जुर्माना लगा है। रायबरेली से जुड़े एक मामले में राज्य सूचना आयोग ने वेतन से वसूली का नोटिस जारी किया। दरअसल एडीएम प्रोटोकाल उस समय रायबरेली में नगर मजिस्ट्रेट रहे। एडीएम ने इस मामले में आयोग में अपना पक्ष रखा था। साथ ही अर्थदंड वसूली से संबंधित आदेश वापस लेने की अपील की थी।
रायबरेली के लाखन सिंह ने जन सूचना के तहत सूचना मांगी थी। दो बार सुनवाई के बाद आयोग ने नोटिस जारी किया। एडीएम ने आयोग के रजिस्ट्रार को पत्र लिखकर अर्थदंड से राहत मांगी थी। उन्होंने कहा है कि जिस प्रकरण में उन पर अर्थदंड लगाया गया है, इसमें आवेदक को दो वर्ष पूर्व ही जानकारी दी गई थी।
वाराणसी-गाजीपुर के बीच बिना कंडक्टर के चलेगी रोडवेज बस
महानगरों की तर्ज पर रोडवेज वाराणसी परिक्षेत्र में बिना परिचालक के बसें चलेंगी। ट्रॉयल के तौर पर इसकी शुरुआत वाराणसी-गाजीपुर रूट पर हो गई है। वाराणसी-गाजीपुर रूट पर नॉनस्टाॅप बस सेवा बिना परिचालक के शुरू हुई है। यह बस वाराणसी और गाजीपुर के बीच में कहीं नहीं रुकेगी। कैंट बस स्टेशन से गाजीपुर के यात्री मिलने के बाद बस का गेट बंद होगा तो सीधे गाजीपुर डिपो में ही खुलेगा।
वाराणसी से गाजीपुर के बीच किसी भी रोडवेज स्टैंड पर न जाकर बाईपास से सीधे दोनों जिलों को जोड़ेंगी। ढाई घंटे में सफर पूरी हो सकेगी। क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि यह बस वाराणसी-गाजीपुर के लिए हर एक घंटे पर मिलेगी। वाराणसी के थोक बाजार में पूर्वांचल के व्यापारियों का आना होता है, उनके समय में बचत को देखते हुए इस तरह की सेवा शुरू की गई है। इसका किराया 150 रुपये होगा। यह बस सेवा बिना किसी परिचालक (कंडक्टर) के शुरू की गई है।
काशी के 2 शिक्षकों को मिलेगा अध्यापक पुरस्कार
प्रदेश के 10 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार दिया जा रहा है। शुक्रवार को शासन ने राज्य अध्यापक और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार की लिस्ट जारी की। इसमें वाराणसी जिले के 2 शिक्षकों को पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। इसमें वाराणसी के हाथी बरनी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश कुमार पाठक को राज्य अध्यापक पुरस्कार और आर्य महिला इंटर कॉलेज की शिक्षिका छाया खरे को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार सम्मान दिया जाएगा।
राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए नामित राजेश कुमार पाठक करीब 33 साल से शिक्षण कार्य कर रहे हैं। उनका एकमात्र उद्देश्य गरीब बच्चों की मदद करके उनको किसी भी हाल में शिक्षित करना है। वहीं शिक्षिका छाया खरे ने बताया कि बचपन से ही उनका सपना शिक्षिका बनना था। उन्होंने पुरस्कार का श्रेय छात्रों को देते हुए कहा कि उनको आर्य महिला इंटर कॉलेज और छात्रों से विशेष लगाव है। वो हैं तो विज्ञान की शिक्षिका, लेकिन उन्होंने संगीत और खेलकूद के लिए भी छात्रों को प्रोत्साहित किया है।
नगर आयुक्त ने आशापुर फ्लाईओवर का किया निरीक्षण
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने शनिवार को लोक निर्माण विभाग एवं ब्रिज कॉरपोरेशन के अधिकारियों के साथ आशापुर फ्लाईओवर का निरीक्षण किया। यहां पर कुछ लोगों की ओर से अवैध रूप से दुकानों को लगाकर अतिक्रमण किया गया था। जिससे काफी गंदगी थी। नगर आयुक्त ने तत्काल अतिक्रमण हटाने, साफ सफाई, जल निकासी की व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता, ब्रिज कॉरपोरेशन के अधिशासी अभियंना, नगर निगम के अधिशासी अभियंता विकास कुरील आदि शामिल रहे।
शिव-शिव शंकर आदि देव...
दीन दयाल हस्तकला संकुल में वस्त्र मंत्रालय और सुबह ए बनारस की ओर से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। इसमें वर्धमान की कलाकार श्रावस्ती चटर्जी ने कथक की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का आरंभ शिव वंदना शिव-शिव शंकर आदि देव... से हुआ। उसके बाद पारंपरिक कथक के अंतर्गत ताल, धमार, चौदह माला, उपज, थाट, आमद, परन और लड़ी पेश की। इसके पश्चात ठुमरी पर नृत्य किया।
राधा-कृष्ण की नोकझोंक लपक-झपक और अंत में तराना तीन ताल में निबद्ध राग रागेश्री दिम देरेना से कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. रत्नेश वर्मा एवं संचालन ललिता शर्मा ने किया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ अजय श्रीवास्तव ने दीप जलाकर किया। कलाकारों का स्वागत गोपेश मौर्य ने किया। कलाकारों को प्रमाणपत्र अजय श्रीवास्तव ने दिया।
बाबा विश्वनाथ के धाम में पूजे गए शनिदेव एवं हनुमान
श्री काशी विश्वनाथ धाम में शनिवार को भगवान शनिदेव एवं हनुमान जी का पूजन हुआ। श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के तीन वर्ष पूर्ण होने के साथ ही चौथे वर्ष में प्रवेश के प्रथम दिन शनिवार काे विशिष्ट अनुष्ठान हुआ। समस्त सनातन, विश्व कल्याण, सुख-शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।
याजक की भूमिका का निर्वाह मंदिर न्यास के प्रतिनिधि के रूप में मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र, विशेष कार्याधिकारी उमेश सिंह और डिप्टी कलेक्टर शंभू शरण ने किया। अर्चकों ने मंत्रोच्चार एवं विधि विधान पूर्वक निर्देशित शास्त्रीय विधान द्वारा शनिदेव के विग्रह एवं हनुमान जी के विग्रह पर आराधना की। शनिदेव और हनुमान जी के विग्रह पर तेल, दीप, फूल और अन्य पूजन सामग्री श्रद्धापूर्वक अर्पित कर पूजा-अर्चना की गई।