इलेक्ट्रानिक गैजेट्स के युवा खासे दीवाने हैं। मोबाइल, टेबलेट और लैपटॉप के अलावा कई ऐसे गैजेट्स हैं जो सिर्फ फैशन ही नहीं बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में बेहद उपयोगी भी हैं। बदलती तकनीक के साथ एक से एक उपयोगी गैजेट्स बाजार में हैं। ऐसा ही एक गैजेट है स्मार्ट वॉच...।
जो युवाओं के लिए फैशन और फिटनेस का नया अंदाज बन गया है। यह स्मार्ट वॉच सिर्फ समय ही नहीं बताती बल्कि मोबाइल से जोड़ने के साथ ही स्वस्थ और फिट भी रखती है।
बाजार में स्मार्ट वॉच की कई रेंज मौजूद है। फिटनेस ट्रैकिंग डेटा से लैस स्मार्ट वॉच समय के साथ ही हार्ट बीट रेट और स्टेप्स भी बताती हैं। इस पर ईमेल, वाट्सएप और फेसबुक के नोटिफिकेशन भी मिलते हैं।
इस तरह ये स्मार्ट वॉच हाथ में बैंड का लुक देकर आपको स्मार्ट भी बनाती है। इसके अलावा, आजकल युवा वायरलेस हेडफोन भी खूब पसंद कर रहे हैं। अलग-अलग ब्रांड और बेहतरीन डिजाइन व कलर में मौजूद ये हेडफोन की युवाओं में खासी मांग है।
सफर के दौरान गाने सुनने और मोबाइल पर मूवी देखने के दौरान इन हेडफोन से खासी सहूलियत मिलती है। ऐसे ही ब्लूटूथ स्पीकर भी आजकल युवाओं का पसंदीदा गैजेट बना हुआ है।
पार्टी और आउटिंग के दौरान आजकल सेल्फी का जितना क्रेज है उतनी ही जरूरत सेल्फी स्टिक की भी है। इसलिए आजकल गैजेट में इसे भी खासतौर से शामिल किया गया है। वहीं, खासतौर से वो युवा जो संगीत सुनने के शौकीन हैं वो म्यूजिक वाल्ट का सहारा ले रहे हैं।
म्यूजिक वॉल्ट में एक हजार से पांच हजार गानों का पसंदीदा कलेक्शन रखा जा सकता है। एक बार चार्ज होने के बाद ये म्यूजिक वॉल्ट करीब 15 से 20 घंटे तक आसानी से चल जाता है। अद्यतन फीचर और वर्जन के साथ ये म्यूजिक वॉल्ट बाजार में उपलब्ध हैं।