वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा इलाके में सोमवार सुबह दुकानदार श्यामसुंदर केशरी (43) ने अपने दुकान में फांसी लगाकर जान दे दी। पत्नी सुनीता दुकान में पहुंची तो शव को फंदे से लटकते देख शोर मचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बजरडीहा इलाके के तेलियाना मोहल्ले में श्यामसुंदर का दो मंजिला पुराना मकान है। निचले तल पर किराने की दुकान है। श्यामसुंदर इसी दुकान से परिवार का जीवकोपार्जन करता था। परिजनों और पड़ोसियों के मुताबिक, कोरोना लॉकडाउन के बाद दुकान बंद रहने के दौरान पूंजी खत्म हो गई थी। तब श्यामसुंदर ब्याज पर कुछ पैसे कर्ज ले लिए थे। कर्ज और आर्थिक तंगी से वो परेशान था।
सोमवार सुबह श्यामसुंदर नित्य की भांति चाय-नाश्ता करने के बाद निचले तल पर स्थित दुकान खोलने के लिए चला गया। करीब दो घंटे बाद पत्नी छत से देखी तो दुकान बंद थी। वह आननफानन नीचे उतरी और दुकान में गई। वहां का नजारा देखकर सन्न रह गई। श्यामसुंदर का शव रस्सी के सहारे हुक से लटक रहा था। शोर मचाने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पढ़ेंः पीएम मोदी कर सकते हैं काशी का दौरा: नवरात्रि बाद मिलेगी सौगात, रोपवे परियोजना की शिलान्यास की तैयारी