शिंजो आबे की पत्नी ने फोटो गैलरी का लोकार्पण करने के बाद संबोधित किया। इस दौरान भावुक होकर बोलीं कि मेरे पति आज होते तो बहुत खुश होते, उन्ही की पहल पर काशी में ये महत्वपूर्ण सेंटर बना है।
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की पत्नी आकिए आबे बुधवार को काशी दौरे पर हैं। सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में शिंजो आबे की याद में उन्होंने एक फोटो गैलरी का लोकार्पण किया। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। इस दौरान पति को याद कर आकिए आबे मंच पर ही रो पड़ीं। उनको भावुक होते देख सभी लोग गमगीन हो गए।
विज्ञापन
दिसंबर 2015 में जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे काशी आए थे। उस दौरान गंगा आरती के साथ ही काशी दौरे की उनकी कई तस्वीरें ली गई थीं, उन सभी तस्वीरों की प्रदर्शनी इस गैलरी में लगी है। अपराह्न दो बजे रुद्राक्ष में लोकार्पण कार्यक्रम किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शिंजो आबे की पत्नी आकिए आबे ने कहा कि मेरे पति आज होते तो बहुत खुश होते, उन्ही की पहल पर काशी में ये महत्वपूर्ण सेंटर बना है। उनका न होना मेरे लिए बहुत दुःखद है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब जापान गए थे तो वहीं पर इस सेंटर के बनाए जाने की बात की थी।