शाइन सिटी इंफ्रा लि. के सीएमडी राशिद नसीम और उसके भाई एमडी आसिफ नसीम के खिलाफ वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने अप्रैल 2021 में 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। दोनों के खिलाफ दर्ज मुकदमों की जांच आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन को सौपीं गई। प्रयागराज करेली के जीटीबी नगर का रहने वाला राशिद नसीम और उसके भाई आसिफ नसीम ने शाइन सिटी इंफ्रा कंपनी के जरिए खूब धोखाधड़ी की।
फरार दोनों भाइयों के खिलाफ पिछले माह में पांच-पांच लाख का इनाम शासन ने घोषित कर रखा था। इसमें आसिफ की गिरफ्तारी के बाद अब राशिद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी है। पुलिस के अनुसार, राशिद लगभग ढाई साल पहले दुबई जाकर शिफ्ट हो गया है। वहां हीरे के कारोबार के साथ ही कई अन्य काम कर रहा है।
दो साल पहले बनारस में तैनात कुछ पुलिसकर्मी शाइन सिटी के सीएमडी राशिद नसीम और आसिफ नसीम के काफी मददगार भी रहे हैं। पीड़ितों के शिकायत लेकर आने के बाद ही उसे सूचना तक दे दी जाती थी। इसके बाद कई मामलों में उसके कर्मचारियों से बातचीत कराकर रुपए वापस देने के लिए भी आश्वासन दिया जाता था, ताकि मुकदमा दर्ज न हो। इसके लिए पुलिसकर्मियों की अच्छी खासी खुशामद भी की जाती थी। पुलिस के ही सहयोग से राशिद नसीम व आसिफ भागने में सफल हुए थे।