महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मंगलवार को चुनाव के चलते इंग्लिशिया लाइन से साजन तिराहा जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया था। इस वजह से इंग्लिशिया लाइन की ओर से साजन तिराहा जाने वाले और साजन से इंग्लिशिया लाइन आने वाले लोगों को सिगरा-फातमान रोड से आवागमन करना पड़ा। वाहनों के दबाव से फातमान रोड दिन भर जाम की चपेट में रहा।
किसको कितने मत मिले
अध्यक्ष पद शशिप्रकाश चंदन 1212 मत
उपाध्यक्ष शिवजनक गुप्ता 1582 मत
महामंत्री अभिषेक सोनकर 1426 (लिंगदोह कमेटी के नियमानुसार)
पुस्तकालय मंत्री शुभम कुमार पाल 1348
महामंत्री पद पर बराबरी के बाद वरिष्ठता पर फैसला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में महामंत्री पद पर दो प्रत्याशियों को 1426-1426 मत मिलने के बाद दोनों बराबरी पर रहे। इसकी सूचना जैसे ही प्रत्याशियों को मिली तो दोनों हंगामा करने लगे और चुनाव अधिकारी से दोबारा मतगणना कराए जाने की मांग की। इस वजह से करीब दो घंटे तक मतगणना का काम बाधित रहा। दोनों प्रत्याशियों को चुनाव अधिकारी के साथ ही पुलिस अधिकारी भी मनाने में लगे रहे, लेकिन कोई मानने को तैयार नहीं हुआ। बीच में लॉटरी सिस्टम से परिणाम जारी करने का प्रस्ताव भी रखा गया लेकिन बात नहीं बन सकी। रात करीब 11 बजे लिंगदोह कमेटी के नियमानुसार चुनाव अधिकारी ने इस पद पर वरिष्ठता के आधार पर अभिषेक सोनकर को विजेता घोषित किया, तब जाकर मामला शांत हुआ।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव के बाद दोपहर बाद मतगणना शुरू हुई। पहले चार मुख्य प्रत्याशियों के बाद संकाय प्रतिनिधियों की मतगणना शुरू करने के लिए कहा गया। इससे संकाय प्रतिनिधि प्रत्याशियों ने आपत्ति जताते हुए सभी पदों की मतगणना साथ कराने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इससे मतगणना तय समय से देरी से प्रारंभ हुई। अधिकारियों के समझाने पर संकाय प्रतिनिधि प्रत्याशी शांत हुए, जिसके बाद मतगणना शुरू हो सकी।
अभाविप के पैनल से तीन ने दर्ज की जीत
छात्रसंघ चुनाव में इस बार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पैनल से तीन प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर विजेता शिवजनक गुप्ता, महामंत्री अभिषेक सोनकर और पुस्तकालय मंत्री शुभम पाल ने इस बार परिषद के बैनर तले चुनाव लड़ा था।
पदाधिकारी बोले
- विश्वविद्यालय में छात्रों की मूलभूत सुविधाओं को मुहैया कराने के साथ ही उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कराना प्राथमिकता होगी। छात्रों ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। -शशिप्रकाश चंदन, अध्यक्ष
-विश्वविद्यालय में क्लासरूम से लेकर संकायों, विभागों में जो भी छात्रों की जरूरत होगी, उसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन से बातचीत कर उन्हें पूरा कराया जाएगा। किसी भी छात्र को भागदौड़ न करनी पड़े, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे। -शिवजनक गुप्ता, उपाध्यक्ष
- कांटे की टक्कर में जिस तरह से जीत मिली है, यह अप्रत्याशित है। छात्रों के सहयोग के लिए हर समय तत्पर रहने के साथ ही समय-समय पर कुलपति समेत अन्य अधिकारियों से संवाद भी बनाए रहेंगे। -अभिषेक सोनकर, महामंत्री
-पुस्तकालय में हाई स्पीड इंटरनेट नेटवर्किं ग की सुविधा के साथ ही छात्रों को उनके कोर्स से जुड़ी सभी किताबें मिल सकें, इस दिशा में पूरा प्रयास करेंगे। -शुभम पाल, पुस्तकालय मंत्री