मॉरिशस के पीएम प्रविंद जुगनाथ तीन साल बाद बुधवार को तीन दिवसीय दौरे पर वाराणसी आएंगे। इससे पहले वे 15वें प्रवासी भारतीय सम्मेलन के भव्य आयोजन में जनवरी 2019 में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे। मॉरिशस के राष्ट्राध्यक्ष के आगमन से पहले सुरक्षा और स्वागत की तैयारियों को लेकर एयरपोर्ट व सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक भी हुई।
आठ दिवसीय भारत यात्रा पर आए पी जुगनाथ बुधवार को अहमदबाद से स्पाइस जेट के विशेष विमान से शाम 4:05 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। मॉरिशस के प्रधानमंत्री दर्शन-पूजन के साथ काशी के धर्म स्थलों का भ्रमण भी करेंगे। उसके बाद वापस शुक्रवार को सुबह 11:30 बजे एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सुबह 11:45 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
बलिया से है गहरा नाता
2019 में प्रवासी भारतीय सम्मेलन में मॉरिशस के प्रधानमंत्री ने कहा था कि नए भारत की विकास यात्रा में प्रवासी भी सहभागी बनने को आतुर हैं। दरअसल, मॉरीशस के ज्यादातर लोगों की जड़ें उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल से ही जुड़ी हुई हैं। प्रधानमंत्री प्रविंद जुगनाथ के पूर्वज भी बलिया जिले के रसड़ा क्षेत्र के ही मूल निवासी थे।
ऐसे में उत्तर प्रदेश से व्यापार सहित अन्य महत्वपूर्ण मसलों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मॉरीशस के प्रधानमंत्री की द्विपक्षीय वार्ता भी होगी। यहां बता दें कि 3 अप्रैल को नेपाल के प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउबा ने अपनी पत्नी आरजू राणा देउबा और उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ काशी का दौरा किया था। ऐसे में अप्रैल महीने में यह दूसरा अवसर होगा, जब काशी फिर किसी राष्ट्र के प्रमुख की मेजबानी करेगी।