मॉडल ब्लॉक सेवापुरी के हाथी बाजार पहुंचे शीर्ष अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
देश के पहले मॉडल ब्लॉक सेवापुरी के हाथी बाजार में शनिवार दोपहर खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग, भारत सरकार के सचिव सुधांशु पांडेय एवं प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद उत्तर प्रदेश वीना कुमारी मीना का आमगन हुआ। दोनों अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गोद लिए गए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निर्माणाधीन ऑक्सीजन प्लांट तथा कोविड वार्ड का जायजा लिया।
इस दौरान हाथी गांव के दीनानाथ गुप्ता ने अपने राशन कार्ड को काटे जाने की शिकायत की। इस पर उन्होंने आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को जांच का निर्देश दिया। आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर तीन महिलाओं की गोद भराई रस्म पूरी की साथ ही दो बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार में भी भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बच्चों में जूस वितरित किया साथ ही आंगनवाड़ी में झूला भेंट किया।
पत्रकारों से बात करते हुए खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव सुधांशु पांडेय ने कहा कि मॉडल ब्लॉक सेवापुरी के प्रत्येक गांव तक केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि फोर्टिफाइट मार्का राइस का वितरण प्रत्येक स्कूलों में मिड-डे मील के लिए वितरण किया जा रहा है।