कोरोना की रोकथाम के लिए मास्क न लगाने पर सोमवार को सोनभद्र में सदर एसडीएम यमुना धर चौहान का चालान काटा गया। शक्तिनगर पुलिस ने बगैर मास्क जा रहे दूल्हे को भी रोक कर चालान काटा। सोमवार को कांग्रेस पार्टी और विभिन्न संगठनों के लोग कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने पहुंचे थे।
जिला प्रशासन के प्रतिनिधि के रूप में सदर एसडीएम यमुना धर चौहान ने ज्ञापन लिया। इस दौरान उनका मास्क चेहरे पर होने के बजाय गले में लटका था। एक व्यक्ति ने जब इस ओर ध्यान दिलाया तो उन्होंने कोतवाल अंजनी कुमार राय से संपर्क कर मास्क न लगाने के लिए चालान की रसीद कटवाई।
शाम को क्राइम इंस्पेक्टर वेंकटेश तिवारी ने तहसील जाकर एसडीएम को रसीद देकर चालान की रकम वसूल की। एसडीएम ने बताया कि ज्ञापन लेने के दौरान उन्होंने फेस मास्क पहना था, लेकिन वह चेहरे से खिसक कर गले में लटक गया था।
उन्हें भूल का एहसास हुआ तो पुलिस को बुलाकर चालान कटवा लिया। उधर, शक्तिनगर में मास्क न पहनने के कारण दूल्हे का चालान काट दिया गया। थानाध्यक्ष मिथिलेश मिश्रा ने कहा कि फेस मास्क न लगाने वालों का चालान किया जा रहा है।