संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का 34वां दीक्षांत समारोह सोमवार को 11 बजे से मनाया जाएगा। इस बार शास्त्री-आचार्य, शोध आदि पाठ्यक्रमों के 32 मेधावियों को कुल 56 पदक और 28661 उपाधियां दी जाएंगी। आचार्य व्याकरण के छात्र सर्वेश को सर्वाधिक आठ पदक मिलेंगे। रविवार को प्रेसवार्ता में कुलपति प्रो. यदुनाथ प्रसाद दूबे, कुलसचिव प्रभाष द्विवेदी ने बताया कि जापानी छात्रा तोशिको ईदाका और मनोरमा द्विवेदी को भी 5-5 पदक मिलेगा। तुलनात्मक धर्म दर्शन विभाग के छात्र फरहत अहमद को भी
मेडल मिलेगा।
योग साधना केंद्र में पत्रकार वार्ता में कुलपति ने बताया कि मुख्य अतिथि बीएचयू के कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी होंगे। अध्यक्षता कुलाधिपति राज्यपाल रामनाइक करेंगे। 28661 उपाधियों में से स्नातक रेग्युलर में 16500, प्राइवेट 2914, भूतपूर्व सात, ग्रंथालय एवं सूचना विज्ञान शास्त्री 29, आयुर्वेदाचार्य 21, स्नातकोत्तर रेग्युलर 7945, प्राइवेट 1192, भूतपूर्व चार, पीएचडी 47 और दो छात्रों को डी.लिट की उपाधि दी जाएगी। इसके पहले कुलपति ने समारोेह स्थल का भूमि पूजन कराया। पूर्वाभ्यास भी किया गया, जिसमें मेधावियों के साथ ही कार्य परिषद, विद्या परिषद के सदस्य मौजूद रहे।