सांसद खेल स्पर्धा की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में चोलापुर के जगदीपुर गांव की रोशनी यादव ने 200 और 400 मीटर में पहला स्थान प्राप्त किया। शुक्रवार को कुश्ती, कबड्डी, बास्केटबाल, जूडो और हॉकी के मुकाबले हुए। डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में पांचवें दिन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। 200 मीटर दौड़ बालक वर्ग में सतीश यादव और बालिका वर्ग में रोशनी यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूडो बालक वर्ग में सूरज भारद्वाज, आकाश यादव, ओमप्रकाश यादव ने अपने भार वर्गाें में प्रथम स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में समृद्धि सिंह, पूजा वर्मा, शिवानी गुप्ता, रागिनी प्रथम रहीं। कुश्ती में राहुल यादव, राजू यादव, करन यादव, शिवशंकर यादव, शैलेंद्र और सौरभ यादव ने फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल में पहुंची कबड्डी और हॉकी की टीमें
कबड्डी के बालक वर्ग में एनईआर ने मातेश्वरी क्लब को 33-27 से और बालिका वर्ग में महामना मालवीय इंटर कॉलेज बच्छाव ने मातेश्वरी क्लब सिंहपुर को 44-26 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। हॉकी बालक वर्ग में सिगरा स्टेडियम ने सनबीम सन सिटी को 3-1 गोल से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। बास्केटबाल बालक वर्ग में सिगरा स्टेडियम ने एनईआर बुल्स को 52-51 से, राजर्षि ने यूपी कालेज को 50-3 से हराया। बालिका वर्ग में राजर्षि ने सिगरा स्टेडियम को 52-23 से हराया।