दुनिया भर से बनारस आने वाले सैलानियों के लिए प्रस्तावित रोपवे नगर निगम तिराहे पर डब्ल्यू के आकार में टर्न लेगा। शासन को भेजे गए फाइनल डिजेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) के बाद प्रमुख सचिव दीपक कुमार के साथ आई टीम शनिवार को रूट का परीक्षण करेगी।
साथ ही वह परियोजना के फाइनल ड्राफ्ट पर बताई गई बाधाओं को दूर करने के लिए मंथन करेंगे। ड्राफ्ट के मुताबिक, कैंट स्टेशन स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी इंटर कॉलेज के सामने से शुरू होने वाला रोपवे गिरिजाघर चौराहे तक जाएगा। शहर में करीब 45 मीटर ऊंचाई से गुजरने वाला रोपवे साजन तिराहा, सिगरा, रथयात्रा, लक्सा होते हुए जाएगा।
पांच किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर खर्च होने वाले 424 करोड़ रुपये का पूरा खाका भारत सरकार की सहयोगी कंपनी वैपकॉस ने तैयार किया है। वाराणसी विकास प्राधिकरण पूरी परियोजना की नोडल एजेंसी है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर वैपकॉस और वीडीए के बीच संसाधनों की उपलब्धता के लिए एग्रीमेंट किया गया है।