रोहनिया क्षेत्र के खुशीपुर में शनिवार रात सड़क हादसे में घायल बाइक सवार गोविंद कुमार भारद्वाज (24) की इलाज के दौरान रविवार को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार दिसंबर में युवक की शादी थी। गोविंद बीएचयू स्थित कंस्ट्रक्शन कार्य में जुड़ा हुआ था।
पुलिस के मुताबिक थाना अंतर्गत मिल्कीचक निवासी रामजतन भारद्वाज का पुत्र गोविंद भारद्वाज रात में शहर से घर लौट रहा था। खुशीपुर गांव के पास घायलावस्था में पड़ा था। निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बीएचयू रेफर कर दिया था।
गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार हेलमेट लगाने के बावजूद गोविंद के सिर में गंभीर चोट लगी थी। पिता रामजतन के अनुसार, चार दिसंबर शादी थी। बड़े अरमान थे बेटे को दूल्हा बनते देखने की, ईश्वर ने यह कैसा दिन दिखा दिया। उधर, मां संतारा देवी भी बेसुध रही।
सेवापुरी के कालिका धाम चौराहा के पास रविवार को दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक सवार घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। कपसेठी थाना अंतर्गत कालिका निवासी साहिल गुप्ता (20) बाइक से कालिका धाम चौराहा स्थित अपने दुकान जा रहा था। विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आए बाइक सवार से भिडंत हो गई। इसमें साहिल गुप्ता घायल हो गया।
रिंग रोड फेज-टू खेवसीपुर में शनिवार रात खड़े ट्रक में पीछे से आकर अर्टिगा कार भिड़ गई। हादसे में कार चालक सहित दो लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। मदनपुरा निवासी अब्दुला (38) और फहद (32) कार से रात में गाजीपुर से लौट रहे थे। रिंग रोड स्थित खेवसीपुर पहुंचने पर सड़क किनारे खड़े ट्रक में आकर पीछे से भिड़ गई।