जिले के करंड़ा में खेत में घास काटकर वापस लौट रही एक बालिका के साथ मंगलवार की शाम एक अधेड़ ने दुराचार किया और बालिका को खेत में बेहोश छोड़कर फरार हो गया। घटना के कुछ देर बाद पीड़िता को होश आया।
किसी तरह वह अपने घर पहुंची और घर वालों को आपबीती बताई। पुलिस ने बालिका के पिता की तहरीर पर एक व्यक्ति के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को देर रात गिरफ्तार करने के बाद संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
थाना क्षेत्र के एक गांव की 12 वर्षीय बालिका मंगलवार की शाम खेत में पशुओं के लिए चारा लाने गई थी। वापस लौटते वक्त गांव निवासी अधेड़ रास्ते में मिला और बालिका को जबरदस्ती उठाकर पास के बाजरे के खेत में ले गया, और उसकी अस्मत लूट ली।
कुछ देर बाद होश में आने पर बालिका किसी तरह घर पहुंची और परिवार के लोगों को घटना के बारे में बताया। इसी दौरान गांव वालों को घटना की जानकारी हो गई और उन्होंने यूपी 100 नंबर पर इसकी सूचना दी।
पुलिस ने पीड़िता से घटना के संबंध में जानकारी लेने के बाद उसका जिला अस्पताल में मेडिकल कराया। किशोरी के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने रात में करीब एक बजे आरोपी के घर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
सीओ हृदयानंद ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी हरिहर को रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसे पाक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में चालान कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।