फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विकास कार्यों में धन की कमी नहीं होने दी जाएगी: केशव मौर्य

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। निर्माणाधीन चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर दिसंबर 2018 जबकि मंडुवाडीह आरओबी इसी साल नवंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। बुधवार को निरीक्षण करने पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को कार्यदायी संस्था सेतु निगम के उच्चाधिकारियों ने यह जानकारी दी। डिप्टी सीएम ने समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ कार्य कराने की ताकीद करते हुए भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों में धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। दोनों जगहों पर सर्विस रोड तत्काल दुरुस्त कराने और निर्माण में तेजी लाने की हिदायत भी दी।
विज्ञापन

अंधरापुल चौराहे पर चौकाघाट फ्लाईओवर के निर्माण का जायजा लेने के दौरान डिप्टी सीएम ने इसकी डिजाइन भी देखी। काम की धीमी गति और सर्विस रोड की बदहाली पर कड़ी नाराजगी जताई। सेतु निगम ने धन की कमी की समस्या बताई। इस पर डिप्टी सीएम ने कहा कि तत्काल प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजें। जल्द से जल्द धन आवंटित कराया जाएगा।
मंडुवाडीह आरओबी की सर्विस रोड पर पासपोर्ट आफिस के पास गड्ढा देख डिप्टी सीएम ने जिम्मेदारों को फटकार लगाई। उसे तत्काल दुरुस्त कराने को कहा। सेतु निगम के अधिकारियों से आरओबी निर्माण में देरी के बाबत पूछा। सेतु निगम ने बताया कि रेलवे के हिस्से का काम चल रहा है। रेलवे के काम पूरा कर देने के बाद आरओबी की सड़क और फिनिशिंग का काम कराया जाएगा। डिप्टी सीएम ने रेलवे के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द काम पूरा कर उसे सेतु निगम को सौंप दें। रेलवे अधिकारियों ने यातायात के चलते काम में व्यवधान आने की जानकारी दी। डिप्टी सीएम ने प्रशासन को तत्काल समुचित यातायात प्रबंध के लिए ताकीद की।
विज्ञापन

अब सड़कें जल्द से जल्द दुरुस्त कराएं
वाराणसी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने खस्ताहाल सड़कों को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को सर्किट हाउस में पीडब्ल्यूडी और सेतु निगम के अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि अभियान के तौर पर सड़कें दुरुस्त कराई जाएं। मुख्य मार्गों के अलावा अन्य मार्गों की भी मरम्मत कराई जाए। निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण कार्य की हिदायत भी दी।
इससे पहले विकास परियोजनाओं के निरीक्षण के दौरान उनका काफिला जिन रास्तों से गुजरा, वहां की खराब सड़कों की मरम्मत के लिए तत्काल संबंधित विभागों के अधिकारियों से बात की और उन्हें निर्देश दिए। सर्किट हाउस में डीएम योगेश्वर राम मिश्र और एसएसपी आरके भारद्वाराज के साथ बैठक कर विकास परियोजनाओं और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। कहा कि चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर और मंडुवाडीह आरओबी समय पर तैयार हो जाए, इसकी लगातार मॉनीटरिंग करें। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वाराणसी में चल रही विकास योजनाओं को समय से पूरा करने पर सरकार का जोर है। सभी अधिकारियों को शासन की मंशा से अवगत करा दिया गया है। यह भाजपा की सरकार है जो शिलान्यास के समय ही लोकार्पण की तिथि भी तय कर देती है। पिछली सरकार ने सिर्फ योजनाओं की घोषणा का रिकॉर्ड बनाया। भाजपा घोषणा नहीं, कार्य करके दिखा रही है।
हिंदू हृदय सम्राट थे अशोक सिंघल: डिप्टी सीएम
धर्म जागरण न्यास की ओर से अशोक सिंहल की जयंती पर बुधवार को नृसिंह मठ गढ़वासी टोला में वेद पूजन एवं वेद सेवक सम्मान समारोह आयोजित हुआ। मुख्यअतिथि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सिंघल को हिंदू संस्कृति का संवाहक बताया। कहा कि वह हिंदू हृदय सम्राट थे। विशिष्ट अतिथियों में राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी और विहिप के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री चंपत राय व गोपाल मंदिर के षष्ठपीठाधीश्वर श्याम मनोहर महाराज थे। इस मौके पर राजा सिंह, वासुदेव अग्रवाल, विजय चौधरी आदि मौजूद रहे। भैंसासुर घाट स्थित केंद्रीय देव दीपावली समिति की ओर से आयोजित गंगा आरती में भी डिप्टी सीएम शामिल हुए। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम का जोरदार स्वागत किया। स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, प्रभात सिंह, जयनाथ मिश्र, शोमनाथ विश्वकर्मा आदि शामिल थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें