पेड़ से टक्कर के बाद तेज रफ्तार कार के उड़े परखच्चे
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के जंसा थाना अंतर्गत गोराई सुमेरापुर गांव के समीप रविवार रात अनियंत्रित कार पेड़ में टकराने से कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शव को कब्जे में लेकर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के मोर्चरी में भिजवाया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
कार सवार भदोही की ओर से वाराणसी आ रहे थे। वाराणसी-भदोही मार्ग स्थित गोराई सुमेरापुर गांव के पास रात लगभग 11:15 बजे भदोही की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही वेस्ट बंगाल नंबर की नीले रंग की कार अचानक पेड़ में टकरा गई। तेज आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों के बाहर निकल गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को कार के अंदर से निकाल कर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। जबकि घायल एक युवक को पास के ही निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पुलिस को कार के अंदर से शराब व बीयर की बोतलें मिलीं।
जंसा पुलिस के अनुसार मिर्जापुर के नारायणपुर निवासी रोहित सिंह (24), जोगीपुर पल्हैया निवासी प्रिंस सिंह और गोलू सिंह (दोनों भदोही) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि रवि सिंह की हालत गंभीर है।