प्रियंका गांधी (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
वाराणसी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रो. सतीश राय और शैलेंद्र सिंह ने खंडन करते हुए कहा कि प्रियंका के दौरे को स्थगित करने की खबर विपक्ष की तरफ से जानबूझकर फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि काशी में घबराए हुए पीएम मोदी के समर्थकों द्वारा वायरल समाचारों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। प्रियंका गांधी का कार्यक्रम और शनिवार को तैयारी बैठक यथावत है।
दूसरी ओर वाराणसी के कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने खंडन करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी का पूर्वांचल दौरा रद्द नहीं हुआ है। प्रियंका गांधी का दौरा रद्द होने की अफवाह फैलाई जा रही है। पार्टी जिला स्तर पर उनके आने की तैयारियां और बैठकें कर रही है।
भदोही की जिलाध्यक्ष डॉ. नीलम मिश्रा का कहना है कि प्रियंका गांधी का कार्यक्रम रद्द नहीं है। प्रियंका गांधी का सीतामढ़ी आगमन होगा और वहां से जलमार्ग से वह रामपुर जाएंगी।
मिर्ज़ापुर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि प्रियंका गांधी के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। कार्यक्रम की जिला प्रशासन से अनुमति ले ली गई है।
प्रियंका गांधी का लखनऊ दौरा
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष आरपी त्रिपाठी ने एक सूची जारी की थी जिसमें 18 मार्च से 20 मार्च तक प्रियंका गांधी के कार्यक्रम का पूरा ब्योरा था। इससे पहले 11 फरवरी को प्रियंका गांधी पहली बार यूपी दौरे पर आई थीं। इस दौरान उन्होंने लखनऊ में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पश्चिमी यूपी के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ रोड शो भी किया था।
प्रियंका के पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनने के बाद से ही यह संभावना जताई जा रही थी कि वह जल्द ही पूर्वांचल का दौरा करेंगी। लेकिन पुलवामा के आतंकी हमले के बाद उन्होंने शहीदों के सम्मान में अपने सारे राजनीतिक कार्यक्रम निरस्त कर दिए थे।
प्रियंका गांधी के तीन दिवसीय दौरे में काशी के कार्यकतर्ताओं के साथ होली मिलन समारोह में शामिल होने का भी कार्यक्रम तय है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रियंका गांधी पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में चुनावी अभियान को धार देंगी। साथ ही, नमामि गंगे और मिशन फॉर क्लीन गंगा की हकीकत जानेंगी।