वाराणसी में पिछले तीन-चार दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश का असर आम जनजीवन पर पड़ने लगा है। बारिश का पानी घरों और दुकानों में घुस गया है। जलभराव से सबसे अधिक परेशानी कज्जाकपुरा, जैतपुरा, नईसड़क, गोदौलिया, गिरजाघर आदि जगहों पर रही। यहां घुटने तक पानी लगा रहा। इस वजह से दो पहिया वाहन कई लोगों के बंद हो गए। शहर के 35 इलाकों में जलभराव है। इसकी सूचना नगर निगम के कंट्रोल रूम को दी गई है।
उधर, बीएचयू अस्पताल कैंपस में मंगलवार की देर रात हुई बारिश से इमरजेंसी जाने वाले रास्ते पर भी घुटने तक पानी लगने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर में बनारस स्टेशन के सामने इतना पानी भरा रहा कि दोपहर में करीब 12 बजे एक बाइक सवार सड़क के बीच से गुजर रही रेल पटरी पर गिर गया। पानी जमा होने की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ा। लहरतारा स्थित आकाश बिल्डर्स सोसाइटी कैंपस में रहने वाले लोगों के घरों में पानी घुस गया।