लखनऊ से गाजीपुर जिले को जोड़ने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मार्च 2021 तक यातायात शुरू हो जाएगा। यूपीडा ने इसके लिए काम तेज कर दिया है। 15000 करोड़ की लागत से बनने वाले एक्सप्रेस-वे की समीक्षा लगातार चल रही है।
विज्ञापन
74 प्रतिशत कंस्ट्रक्शन का काम पूरा हो गया है। एक्सप्रेस-वे के जमीन से जुड़े सभी मामले, आरओबी, मेजर ब्रिज का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा। करीमुद्दीनपुर क्षेत्र में बनने वाले टोल प्लाजा, रैंप प्लाजा के डिजाइनों का एप्रूवल भी पूरा करा लिया है।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-731 लखनऊ-सुल्तानपुर रोड (ग्राम-चांदसराय) से शुरू होकर बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, फैजाबाद, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ होते हुए गाजीपुर (ग्राम-हैदरिया) में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-31 पर खत्म होता है। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को बलिया जनपद तक जोड़ने को कहा है।
इस दिशा में भी काम तेज हो गया है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण के बाद दिल्ली से बिहार पटना की दूरी काफी कम हो जाएगी। इतना ही नहीं पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से वाराणसी, गोरखपुर और इलाहाबाद को भी जोड़ने का काम किया जाएगा।