हिंदी के महान साहित्यकार जयशंकर प्रसाद के जीवन और उनके युग पर केंद्रित वृहद उपन्यास कंथा का प्रकाशन हो गया है। उपन्यास में 100 साल पूर्व का बनारस साकार हुआ है। इसमें प्रसाद के साथ ही मदन मोहन मालवीय, महावीर प्रसाद द्विवेदी, आगा हश्र कश्मीरी और प्रेमचंद से लेकर रायकृष्ण दास व विनोदशंकर व्यास आदि तक बतौर पात्र चित्रित हुए हैं।
सुपरिचित कथाकार श्याम बिहारी श्यामल ने इस उपन्यास को लिखा है। उन्होंने बताया कि आधुनिक साहित्यकार पर लिखित प्रथम उपन्यास होने के कारण कंथा का हिंदी संसार में विशेष स्वागत हो रहा है। उपन्यासकार को भेजे संदेश में प्रख्यात कथाकार डॉ. काशीनाथ सिंह ने कंथा के लेखन को ऐतिहासिक महत्व का काम बताते हुए बधाई दी।