बीएचयू के हिंदी विभाग में सहायक आचार्य डॉ. सत्य प्रकाश पाल को अखिल भारतीय आचार्य रामचंद्र शुक्ल आलोचना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी की ओर से डॉ. सत्यप्रकाश को यह सम्मान बीते मंगलवार को संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ऊषा ठाकुर, अभिनेता आशुतोष राणा और डॉ. विकास दवे के हाथों भोपाल में आयोजित समारोह में दिया गया।
डॉ. सत्य प्रकाश पाल को उनकी आलोचना कृति भाषा, साहित्य और संस्कृति के लिए ये सम्मान मिला है। सम्मान के तहत पुष्पगुच्छ, श्रीफल, अंगवस्त्रम् एवं एक लाख की सम्मान राशि प्रदान की गई।
इसके पूर्व डॉ. पाल को उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के शब्द शिल्पी सम्मान-2020 से अलंकृत किया जा चुका है। डाॅ. सत्य प्रकाश मूल रूप से आजमगढ़ के मेहनगर तहसील के हंकारपुर गांव के निवासी हैं। इस सम्मान पर राजीव गांधी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. साकेत कुशवाहा, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय वर्धा के कुलपति प्रो. रजनीश शुक्ल, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. निर्मला एस. मौर्य, तिब्बती उच्च शिक्षा संस्थान की कुलसचिव डाॅ. सुनीता चंद्रा, बीएचयू के संयुक्त कुलसचिव डाॅ. अवधेश कुमार और जनसंपर्क अधिकारी डाॅ. राजेश कुमार सिंह ने शुभकामनाएं दीं।