धन दोगुना सहित विभिन्न स्कीम का लालच देकर निवेशकों से धोखाधड़ी के आरोपी दस हजार के इनामी को कैंट पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार किया। कैंट थाने की पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। ऑसम इंफ्रा प्रोजेक्ट कंपनी के जरिए धोखाधड़ी करने के आरोपी की तलाश कैंट पुलिस को पिछले छह माह से थी।
बनारस सहित पूर्वांचल के लोगों का लगभग सौ करोड़ रुपये कंपनी लेकर फरार हो गई। डीसीपी वरुणा आदित्य लांग्हे ने बताया कि कैंट थाने में दर्ज धोखाधड़ी के तीन मुकदमों में वांछित लोहता थाना अंतर्गत भिटारी निवासी राजकुमार वर्मा को कैंट पुलिस ने गुजरात के बलसाड़ा, पाड़ी थाना के शुभम ग्रीन सिटी बागवाड़ा से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में राजकुमार ने बताया कि सिगरा थाना के छित्तूपुर में ऑसम इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड कंपनी खोली और कंपनी का सीएमडी बड़ा भाई कृष्ण कुमार वर्मा बना। कंपनी में पिता शिवलाल प्रजापति, छोटा भाई राजेश कुमार सहित 13 लोग जुड़े हुए थे। लोगों को कंपनी के लुभावने स्कीम को बताकर पांच साल के अंदर धन दोगुना का लालच, कम पैसे में जमीन, फ्लैट आदि का झांसा देकर पैसे ऐंठते थे।
इसके बाद बनारस सहित अन्य जिलों में भी ऑसम और कैसिटा नाम से फर्म बनाकर लोगों से निवेश कराया। डीसीपी वरुणा जोन के अनुसार राजकुमार वर्मा पर कैंट पुलिस ने दस हजार का इनाम घोषित किया था। अन्य वांछितों की गिरफ्तारी को भी टीमें दबिश दे रही हैं।