वाराणसी के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बुधवार को पीएम मोदी की प्रस्तावित जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान परमपुर, भड़ाव और संदहा का निरीक्षण किया और यहां हेलीपैड आदि निर्माण पर भी चर्चा की। माना जा रहा है कि बृहस्पतिवार शाम तक जनसभा स्थल पर निर्णय कर लिया जाएगा।
मेंहदीगंज में भी सभास्थल पर विचार
पीएम मोदी की जनसभा के लिए बुधवार को एसडीएम राजातालाब और भाजपा का प्रतिनिधिमंडल मेहंदीगंज स्थित स्थल को देखने पहुंचा। जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि रिंग रोड के पास स्थित मेहंदीगंज में सभा स्थल के लिए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शकील अहमद को भी मौके पर बुलाकर मंत्रणा की गई। लेकिन अभी तक प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल के लिए अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है। हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय को सभी विकल्पों से अवगत करा दिया गया है।
बैठक लेते कमिश्नर दीपक अग्रवाल।
- फोटो : फाइल
कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने बुधवार को आयुक्त सभागार में पूरी हो चुकी प्रमुख बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने एक-एक कर सभी परियोजनाओं के बारे में विस्तार से पूछताछ की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर परियोजना का निरीक्षण कर ले। यदि कहीं कोई छोटी-मोटी कमी दिखे, तो तत्काल दुरुस्त कराएं।