प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फरवरी में अपने संसदीय क्षेत्र काशी के दौरे पर आएंगे। उनके हाथों तकरीबन 10 हजार करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कराने की तैयारी प्रदेश सरकार कर रही है।
गुरुवार को सर्किट हाउस पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी के विधायकों के साथ इस पर लंबी मंत्रणा की। साथ ही, पार्टी के युवा उद्घोष कार्यक्रम में इसी माह 16 से 22 जनवरी के बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के आगमन की तैयारियों पर भी विमर्श हुआ।
पार्टी सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री के इस दो दिवसीय दौरे का मुख्य उद्देश्य विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा के साथ ही प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों की रूपरेखा को अंतिम रूप देना है। पार्टी विधायकों से चर्चा में खासकर उन योजनाओं का जिक्र हुआ, जिनका लोकार्पण और शिलान्यास प्रधानमंत्री के हाथों कराया जाना है।