प्रधानमंत्री के आगमन से पहले बृहस्पतिवार को शहर में अन्य दलों के नेताओं के साथ भाजपा नेता को भी नजरबंद किया गया। कई नेता मौके की नजाकत को भांपकर घर छोड़कर चले गए थे। प्रधानमंत्री जब तक एयरपोर्ट नहीं पहुंच गए तब तक इन नेताओं पर पुलिस की नजर रही।
सारनाथ स्थित तिलमापुर के भाजपा नेता को भी नजरबंद किया गया। वहीं कांग्रेस के मनीष चौबे को उनके घर पर ही रोका गया। समाजवादी छात्र सभा के निवर्तमान प्रदेश सचिव मनीष यादव और सपा के पूर्व दक्षिणी विधानसभा मनोज यादव को भी नजरबंद किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में भाजपा संगठन के जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से बातचीत की। पीएम ने कोरोना काल में सेवा के जरिये संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। पंचायत के जनप्रतिनिधियों से पीएम ने कहा कि किसी भी देश के विकास की नींव पंचायत होती है। अपनी मेहनत और लगन से पंचायतों की तकदीर बदलिए।
पीएम ने कहा कि पंचायतों के काम काज में जनता की राय लें और उसी आधार पर काम करें। गरीबों के बीच जाइए और उनकी सेवा के जरिए मदद करिए। गरीब मजबूत होगा तो संगठन भी मजबूत होगा। इस दौरान नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, सेवापुरी ब्लॉक प्रमुख रीना कुमारी, पिंडरा के प्रमुख धर्मेंद्र, हरहुआ के विनोद कुमार उपाध्याय, चिरईगांव से अभिषेक कुमार, काशी विद्यापीठ ब्लॉक की प्रमुख रेनू पटेल को पीएम ने बधाई दी। चोलापुर की लक्ष्मीना इसमें शामिल नहीं हो पाईं।