प्रधानमंत्री ने कोरोना संक्रमण को 100 वर्षों में दुनिया पर आई सबसे बड़ी आफत और महामारी बताते हुए कहा कि कोरोना से निपटने में उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयास उल्लेखनीय हैं। यूपी सरकार और काशी प्रशासन ने दिन-रात मेहनत कर यहां स्वास्थ्य की व्यवस्थाएं खड़ी कीं। कठिन समय मेें प्रयासों में कोई कमी नहीं छोड़ने के कारण यूपी न सिर्फ कोरोना की सबसे ज्यादा जांच करने वाला राज्य है, बल्कि देश में सर्वाधिक टीकाकरण करने वाला राज्य भी है।
सबको टीका और मुफ्त टीका अभियान के माध्यम से गरीब, मध्यमवर्ग, किसान, नौजवान सभी को सरकार द्वारा मुफ्त टीका लगाया जा रहा है। यूपी की आबादी का जिक्र करते हुए कहा कि दुनियाभर के दर्जन भर देशों की आबादी इससे कम है और अपने प्रयासों से ही यह कई देशों के लिए मॉडल बन गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि चार साल में आधुनिक यूपी ने वैश्विक पहचान बनाई है। मेक इन इंडिया में भी यूपी की भूमिका बढ़ी है। विकास परियोजनाओं का सीधा लाभ जनता को मिल रहा है और उससे जीवन आसान हो रहा है। उन्होंने कहा, दुनिया के अनेक बड़े-बड़े निवेशक आत्मनिर्भर भारत के महायज्ञ से जुड़ रहे हैं। इसमें भी उत्तर प्रदेश, देश के अग्रणी इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। पीएम ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत में हमारी खेती से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और कृषि आधारित उद्योगों की भी बड़ी भूमिका होने वाली है।
हाल में ही केंद्र सरकार ने कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर के सशक्तीकरण को लेकर बड़ा फैसला लिया है। देश में आधुनिक कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एक लाख करोड़ रुपये का विशेष फंड बनाया गया है। उसका लाभ अब हमारी कृषि मंडियों को भी मिलेगा। देश की कृषि मंडियों के तंत्र को आधुनिक और सुविधा संपन्न बनाने की तरफ एक बड़ा कदम है। सरकारी खरीद से जुड़े सिस्टम को बेहतर बनाना और किसानों को अधिक विकल्प देना, ये सरकार की प्राथमिकता है। इस बार धान और गेहूं की रिकॉर्ड सरकारी खरीद इसी का परिणाम है।
पीएम ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस किया। यही कारण है कि सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी में आए अभूतपूर्व सुधार से यहां का जीवन तो आसान हो ही रहा है, कारोबार करने में भी अधिक सुविधा हो रही है। यूपी के कोने-कोने को चौड़ी और आधुनिक सड़कों- एक्सप्रेसवे से जोड़ने का काम तेज़ी से चल रहा है। डिफेंस कॉरिडोर, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस- वे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे, गंगा एक्सप्रेस वे इस दशक में यूपी में विकास को नई बुलंदी देंगे।
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रबुद्ध जनों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब रुद्राक्ष से काशी का श्रृंगार पूर्ण हुआ। काशी तो साक्षात शिव ही है। बीते सात सालों में इतनी सारी विकास योजनाओं से काशी का श्रृंगार हो रहा है, तो ये श्रृंगार बिना रुद्राक्ष के कैसे पूरा हो सकता था? अब जब ये रुद्राक्ष काशी ने धारण कर लिया है तो काशी में विकासगंगा की धारा बहने लगी है। इससे काशी का विकास और ज्यादा चमकेगा और ज्यादा काशी की शोभा बढ़ेगी। अब काशीवासियों की जिम्मेदारी है कि रुद्राक्ष की शक्ति का उपयोग करें। इससे प्रतिभाओं को जोड़े। यहां का कवि सम्मेलन बहुत प्रसिद्ध है।
आने वाले दिनों में यहां कवि सम्मेलन हो। रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर के लोकार्पण पर प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां गंगा के घाटों पर कितनी कलाएं विकसित हुई हैं, ज्ञान शिखर तक है और मानवता से जुड़े कितने गंभीर चिंतन हुए है। इसलिए बनारस गीत संगीत का, धर्म आध्यात्म का और ज्ञान विज्ञान का एक बहुत बड़ा ग्लोबल सेंटर बन सकता है। यह बौद्धिक आडडियल लोकेशन है।
रुद्राक्ष इन्हीं संभावनों, सांस्कृतिक आदान प्रदान का केंद्र होगा। काशी का प्राचीन वैभव आधुनिक स्वरूप में अस्तित्व में आ रहा है। सबसे हित सबके कल्याण के भगवान शिव के अश्रुबूंद के रूप में रुद्राक्ष मानव प्रेम का प्रतीक है। यह विश्व को प्रेम, कला संस्कृति से जोड़ने का माध्यम बनेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान गुरुवार को बीएचयू के आईआईटी ग्राउंड पर आयोजित जनसभा कार्यक्रम में 1475 करोड़ से अधिक रुपये की 283 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें 744 करोड़ रुपये की 78 परियोजनाएं लोकार्पित हुई तथा 730 करोड़ रुपये की 204 परियोजनाओं का शिलान्यास किया।