मिर्जामुराद के मेहंदीगंज में 25 अक्तूबर को प्रस्तावित प्रधानमंत्री के जनसभा स्थल का एसपीजी टीम ने जायजा लिया। इस दौरान एसपीजी टीम ने 30 मीटर सर्किल के बने तीन हेलीपैड और पांच लाख 40 हजार वर्ग फीट में बन रहे जर्मन हैंगर के पंडाल को भी देखा। पंडाल के अंदर 70 फीट चौड़ा, 32 फीट लंबा और आठ फीट ऊंचाई के मंच को भी टीम ने देखा। इसके साथ ही टीम ने प्रधानमंत्री के लिए बन रहे स्विस कॉटेज का भी जायजा लिया। इसमें प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री होंगे।
वहीं सभा स्थल बम निरोधक दस्ता ने निरीक्षण किया। सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। सभास्थल पर बन रहे तीन प्रवेश द्वारों का भी निरीक्षण करते हुए टीम ने तैयारियों को परखा। इसमें एक वीआईपी गेट तो दो जनता के लिए होगा। निरीक्षण के बाद एसपीजी टीम ने एसपी ग्रामीण सहित अन्य सुरक्षाधिकारियों के संग बैठक की।
25 अक्तूबर को मिर्जामुराद स्थित कार्यक्रम स्थल पर अभेद्य सुरक्षा होगी। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तीन आईजी, 12 कंपनी पीएसी सहित तीन हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही एसपीजी के अधिकारी भी वाराणसी में कैंप कर रहे हैं। प्रधानमंत्री की आंतरिक सुरक्षा एसपीजी संभालेगी तो वहीं बाहरी सुरक्षा की कमान तीन आईजी, तेरह एसपी, 35 एडिशनल एसपी, 40 डीएसपी संभालेंगे।
बाहरी सुरक्षा में 16 कंपनी पीएसी और तीन हजार इंस्पेक्टर, दरोगा और पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर अग्निशमन विभाग की एक टुकड़ी, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता, स्थानीय अभिसूचना इकाई की तैनाती होगी।
अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री की आंतरिक सुरक्षा में एनएसजी के कमांडो, एटीएस के कमांडो, केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के अधिकारी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के जवान शामिल होंगे। पीएम आगमन को देखते हुए मेहंदीगंज गांव में पुलिस ने डेरा डाल दिया है। 25 अक्तूबर को जनसभा के आसपास इलाकों में सशस्त्र पुलिस और सेना के जवानों की तैनाती की जाएगी।
पढ़ेंः दिवाली से पहले सौगात: बनारस-गोरखपुर हाईवे बनकर तैयार, पीएम मोदी करेंगे लोकार्पण