काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए काशी आने वाले श्रद्धालुओं को अब गर्मी और धूप में भी कागज की चप्पलें आराम देंगी। गर्मियों में मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को नंगे पैर नहीं चलना पड़ेगा। हस्तनिर्मित चप्पलों की मांग बढ़ने लगी है।
खादी ग्रामोद्योग की ओर से काशी विश्वनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कागज के चप्पल तैयार किए जा रहे हैं। जल्द ही ये चप्पलें काशी में ही तैयार होंगी। इसकी कवायद शुरू हो गई है। भक्तों के साथ ही मंदिर के कर्मचारियों के पैर धूप में न जले इसको लेकर भी तैयारी की जा रही है। खादी ग्रामोद्योग आयोग के निदेशक डीएस भाटी ने बताया कि अब तक जो चप्पलें तैयार की गईं हैं, वो खादी के दुकानों पर ही बिक रही हैं, अभी दिल्ली से इन चप्पलों को मंगाया जा रहा है। अभी तक 1000 जोड़ी चप्पल मंगाए जा चुके हैं। अगले माह के अंत तक यहां पर भी इन चप्पलों को बनने की शुरुआत हो सकती है।