वाराणसी। भुल्लनपुर स्थित 34वीं वाहिनी पीएसी परिसर के खेल मैदान में मंगलवार को 42वीं वाहिनी प्रयागराज ने 48वीं वाहिनी सोनभद्र को 36-28 से हराकर प्रतियोगिता का पहला कबड्डी मैच जीता। चार दिवसीय प्रतियोगिता में पूर्व जोन की 10 वाहिनी की टीमें शामिल हुई हैं।
34वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक विनोद कुमार मिश्र के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और मैनेजरों से परिचय प्राप्त करने के बाद प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। इसके बाद खिलाड़ियों ने सेनानायक को मान प्रणाम प्रस्तुत किया। इस दौरान 34वीं वाहिनी पीएसी के उप सेनानायक समीर सौरभ, सहायक सेनानायक अभिषेक यादव, लल्लन यादव, अशोक कुमार सिंह, शिविरपाल राकेश सिंह और अमित सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पूर्वी जोन 23वीं अंतर वाहिनी पीएसी की चार दिवसीय कुश्ती, भारोत्तोलन, मुक्केबाजी, बॉडी बिल्डिंग और कबड्डी प्रतियोगिता शुक्रवार तक चलेगी। मैच डॉ. विभूति नारायण इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम व शिवाजी हाल बीएचयू और 34वीं वाहिनी पीएसी परिसर के खेल मैदान में होंगे।