सारनाथ। शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर ओटी परिचारक ने डॉक्टर को पीट दिया। घटना सोमवार सुबह की है, जब ओटी परिचारक ने डयूटी पर तैनात स्टाफ नर्स के साथ दुर्व्यवहार किया। चिकित्सक ने विरोध किया तो ओटी परिचारक ने पिटाई कर दी। चिकित्सक के चेहरे और हाथ में चोट लग गई। आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
ओटी परिचारक हेमंत कुमार की रविवार दोपहर 2 से रात 8 बजे तक डयूटी थी। इसके बाद डॉ. शिवाशीष की ड्यूटी रात 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक थी। डॉ. शिवाशीष ने बताया कि हेमंत कुमार ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह घर गया। घर से झगड़ा कर नशे में धुत होकर पहुंचा। वहां इमरजेंसी कक्ष में भी बैठकर शराब पीने लगा। सोमवार सुबह पांच बजे मरीज की जांच के लिए स्टाफ नर्स ईसीजी मशीन लेने के लिए इमरजेंसी कक्ष में गई। वहां ओटी परिचारक ने स्टाफ नर्स के साथ दुर्व्यवहार किया।
इस बीच चिकित्सक डॉ. शिवाशीष बीचबचाव करने लगे। डॉक्टर ने बताया कि हेमंत कुमार ने हमला कर दिया। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि डॉ. शिवाशीष की तहरीर पर आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। संवाद