वाराणसी में यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर किसी भी प्रकार लापरवाही न हो। इसलिए हर स्तर पर सजगता बरती जा रही है। इसी बीच नकल रोकने की कवायद और तेज कर दी गई है। इसके लिए 122 अतिरिक्त वाह्य केंद्र व्यवस्थापकों की नियुक्ति की गई है। ये व्यवस्था स्वकेंद्र वाले विद्यालयों में रहेगी।
142 परीक्षा केंद्रों में से 122 केंद्रों पर स्वकेंद्र की सुविधा दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से इन सभी विद्यालयों में अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बोर्ड परीक्षा को पूरी तरह से नकलविहीन कराने की जिम्मेदारी डीएम, डीआईओएस और जेडी को सौंपी है। इस लिहाज से अधिकारियों की ओर से यह व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। 122 विद्यालयों में केंद्र व्यवस्थापकों के अलावा अतिरिक्त वाह्य केंद्र व्यवस्थापक नकल पर नजर रखेंगे।