सीवेज पाइपलाइन बिछाने के बाद जल निगम और लोक निर्माण विभाग ने आननफानन में सड़कें बना दीं। अब बारिश के बाद उसकी कलई खुलने लगी है। मानसून की पहली बारिश के बाद सड़कों के धंसने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को कमच्छा स्थित रणवीर संस्कृत विद्यालय के समीप दोपहर बाद सड़क अचानक धंस गई। सड़क पर करीब 10 से 12 फीट गहरा और 12 फीट चौड़ा गड्ढा हो गया। इसके चलते आवागमन भी प्रभावित रहा।
सीवेज पाइप लाइन बिछाने के लिए रथयात्रा से कमच्छा, लंका से सामनेघाट, कचहरी, चौकाघाट से घौसाबाद, नदेसर, पांडेयपुर में सड़कें खोदी गई हैं। सोमवार और बुधवार की सुबह बारिश के बाद सामनेघाट और रथयात्रा में दो जगहों पर सड़क धंस गई थी। अभी इसे ठीक नहीं किया जा सका था कि गुरुवार को कमच्छा के समीप फिर सड़क धंस गई। पार्षद विनोद भारद्वाज ने इसकी सूचना तत्काल नगर निगम, जल निगम और जिलाधिकारी कार्यालय को दी। करीब एक घंटे बाद जल निगम के अवर अभियंता पहुंचे। तब जाकर उसे चारो ओर से घेरा गया। कचहरी गोलघर के पास भी सड़क धंस गई है। अचानक सड़कों के धंसने से राहगीरों में भय है।
जल निगम के अभियंता का कहना है कि खराब सड़कों को जल्द दुरुस्त कर दिया जाएगा। महापौर रामगोपाल मोहले ने गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के महाप्रबंधक संजय सिंह को निर्देश दिया है कि कमच्छा में जहां सड़क धंसी है वहां तत्काल गड्ढे के चारों तरफ बांस-बल्ली से बैरिकेडिंग लगाई जाए। उन्होंने चेताया है कि यदि कोई राहगीर दुर्घटना का शिकार हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने नाराजगी जताई है कि लगातार सड़कें धंस रही हैं। इसके बाद भी जल निगम और गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के अधिकारी चेत नहीं रहे हैं।
आईपीडीएस (इंटीग्रेटेड पावर डेवलपमेंट स्कीम) के तहत पुरानी काशी में भूमिगत केबल डालने का काम जोरों पर चल रहा है। अब डीएम का निर्देश मिलते ही सड़कों की खुदाई काम बंद करा दिया गया है। जो खुदाई पहले की गई थी उसमें केबल डालने का काम कराया जाएगा। आईपीडीएस कार्य के प्रभारी अनिल वर्मा ने बताया कि बारिश के मौसम को देखते हुए नई खुदाई पर रोक लगाई गई है। पुरानी खुदाई में ही केबल डालने का काम कराया जा रहा है। अब भी कई गड्ढों में पानी भरा है। उसे निकालने के बाद पाटा जाएगा ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न होने पाए। शहर की हालत देखते हुए निर्णय लिया गया है कि आईपीडीएस के तहत सड़कों की खुदाई का काम नहीं कराया जाएगा। भेलूपुर में उपकेंद्र बनाने और जगह-जगह जंक्शन बनाने का काम कराया जा रहा है। बारिश के मौसम में केवल वही कार्य कराए जाएंगे जिनमें सड़कों की खुदाई की आवश्यकता नहीं होगी।