कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर
- फोटो : अमर उजाला
अपने विवादास्पद बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने राज्यमंत्री अनिल राजभर को लेकर बड़ी बात कही है। मंत्री ओमप्रकाश ने कहा कि 'अनिल' अपने घर का बच्चा है उसको समझा लेंगे। ऐसा उन्होंने निकाय चुनाव में राज्यमंत्री अनिल राजभर द्वारा की गई टिप्पणियों और निकाय चुनाव अलग-अलग लड़ने से जुड़े सवाल पर जवाब दिया।
कैबिनेट मंत्री बुधवार को मऊ नगर क्षेत्र के बाईपास रोड स्थित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे। उत्तर प्रदेशीय बरनवाल वैश्य महासभा मऊ जनपद इकाई का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को नगर के भीटी में कैबिनेट मंत्री विकलांग एवं पिछड़ा वर्ग ओमप्रकाश राजभर से मिला। साथ ही फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बरनवाल समाज के सामजिक पिछड़ेपन को देखते हुए पिछड़ी जाति के श्रेणी में शामिल करने के मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश के अनुपालन के संबंध में कैबिनेट मंत्री को मांगपत्र सौंपा।
इससे पहले ओमप्रकाश राजभर ने गाजीपुर के कासिमाबाद में भी एक कार्यक्रम हिस्सा लिया। यहां उन्होंने क्षेत्र पंचायत के विकास से संबंधित योजनाओं के बारे में आश्वासन दिया कि शासन स्तर पर धन की कमी कभी होने नहीं दी जाएगी।
बैठक में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री शादी अनुदान योजना के अंतर्गत एक भी रजिस्ट्रेशन न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारियों की उदासीनता के कारण ही ऐसा परिणाम है। इसको किसी भी सूरत में क्षम्य नहीं किया जाएगा।